पुर्तगाल में आधे पाकिस्तानी ब्यूरोक्रेट्स ने खरीदी जमीन, ख्वाजा आसिफ का बड़ा दावा
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने देश की नौकरशाही पर बड़ा हमला बोलते हुए एक सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान के आधे से ज्यादा ब्यूरोक्रेट्स ने पुर्तगाल जैसे छोटे देश में जमीन खरीदी है। यह खुलासा उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किया, जिससे पाकिस्तान में प्रशासनिक स्तर पर बहस छिड़ गई है।
ख्वाजा आसिफ के मुताबिक ये संपत्तियां अमेरिका या ब्रिटेन जैसे बड़े देशों में नहीं बल्कि पुर्तगाल में खरीदी गई हैं। यही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि इन नौकरशाहों में से कई अब पुर्तगाल की नागरिकता लेने की प्रक्रिया में हैं और कुछ को नागरिकता मिल भी चुकी है। यह सबकुछ उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अर्जित अवैध संपत्ति के बल पर किया है।
सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए आसिफ ने बताया कि 2016 से 2024 के बीच करीब 3 हजार पाकिस्तानी नागरिकों ने पुर्तगाल की नागरिकता हासिल की। इनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है जो कभी बड़े सरकारी पदों पर थे। उनका कहना है कि इन अफसरों ने अरबों रुपये की हेराफेरी करके विदेश में रिटायरमेंट की ‘सुकूनभरी जिंदगी’ का इंतजाम कर लिया है।
आसिफ ने एक चौंकाने वाला उदाहरण भी साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार के बेहद करीबी एक अफसर ने अपनी बेटियों की शादी में बतौर ‘सलामी’ करीब 4 अरब रुपये जुटाए। अब वह अफसर विदेश में आलीशान जिंदगी बिता रहा है और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ख्वाजा आसिफ ने नेताओं की तुलना इन नौकरशाहों से करते हुए तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि नेताओं को तो सिर्फ ‘झूठन’ मिलती है। उनके पास न तो प्लॉट होते हैं और न ही विदेशी नागरिकता, क्योंकि उन्हें चुनाव लड़ना होता है और ऐसी सहूलियतें उनके लिए मुमकिन नहीं होतीं। उनका इशारा था कि असल ताकत और धन नौकरशाही के हाथ में है।
Share this content:
