April 30, 2026

सीजफायर पर कांग्रेस में मतभेद: सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तान को बताया जिम्मेदार, पार्टी लाइन से हटकर दिया बयान

भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया संघर्ष के बाद हुए सीजफायर को लेकर अब कांग्रेस के भीतर ही अलग-अलग सुर सुनाई देने लगे हैं। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने एक बड़ा बयान देते हुए स्पष्ट कहा कि सीजफायर की पहल भारत ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान ने की थी, क्योंकि संघर्ष में उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा। उनका यह बयान कांग्रेस पार्टी की उस लाइन से मेल नहीं खाता जिसमें पार्टी अक्सर सरकार से सीजफायर और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता के दावों को लेकर सवाल करती रही है।

खुर्शीद ने सीधा जवाब देते हुए कहा कि, “यह कहना पूरी तरह बकवास है कि हमने उन्हें पहले फोन किया। फोन पाकिस्तान के डीजीएमओ ने किया था, और उन्होंने ही हमसे कहा था कि ‘रोक दीजिए’। हमने उनकी बात मानकर हमले रोक दिए, इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई।”

उन्होंने इस दावे को भी खारिज कर दिया कि भारत ने सीजफायर के लिए पहल की थी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के डीजीएमओ ने ही भारतीय डीजीएमओ से संपर्क किया था।

थरूर ने भी पाकिस्तान को सुनाया था खरी-खरी
इससे पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया था। थरूर ने कहा था कि सिंधु जल संधि भारत ने आपसी सद्भावना और सदइच्छा से की थी, लेकिन पाकिस्तान लगातार आतंकवाद को समर्थन दे रहा है, इसलिए भारत ने संधि को स्थगित करने का निर्णय लिया।

कांग्रेस में बढ़ती वैचारिक खाई?
सलमान खुर्शीद का यह बयान इस ओर इशारा करता है कि पार्टी के भीतर भी अब सीजफायर और पाकिस्तान नीति को लेकर एकमत नहीं है। कांग्रेस जहां पहले सरकार की विदेश नीति और पाकिस्तान से बातचीत को लेकर सवाल उठा रही थी, वहीं उसके वरिष्ठ नेता अब सीजफायर को पाकिस्तान की मजबूरी बता रहे हैं।

एक तरफ भारत सरकार पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने की नीति पर काम कर रही है, वहीं विपक्ष में बैठी कांग्रेस के नेता अब खुलकर पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन पार्टी की साझा रणनीति को लेकर अंदरूनी मतभेद सामने आने लगे हैं। सलमान खुर्शीद और शशि थरूर के बयानों से यह भी स्पष्ट होता है कि अब कांग्रेस के भीतर भी पाकिस्तान के प्रति नरम रुख नहीं बचा है — कम से कम कुछ नेताओं के स्तर पर तो नहीं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!