April 30, 2026

संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आज होगी तीखी बहस, रिजिजू ने पाकिस्तान को दी चेतावनी

संसद के मानसून सत्र में आज से एक बार फिर से गहमागहमी बढ़ने वाली है, क्योंकि लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और पहलगाम हमले को लेकर विशेष चर्चा शुरू हो रही है। सरकार और विपक्ष दोनों इस बहुप्रतीक्षित बहस के लिए पूरी तैयारी में हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच जोरदार टकराव की संभावना जताई जा रही है।

 

चर्चा से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि जब पाकिस्तान ने भारत द्वारा खींची गई लाल रेखा को पार किया, तो उसके आतंकी शिविरों को ‘आग का सामना’ करना पड़ा। रिजिजू ने रामायण के उदाहरण से तुलना करते हुए लिखा, “जब रावण ने लक्ष्मण रेखा पार की, लंका जल गई।”

 

सरकार की ओर से गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर संसद में सरकार का पक्ष रख सकते हैं। वहीं, विपक्ष की ओर से राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव जैसे बड़े नेता सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। विपक्ष का आरोप है कि पहलगाम हमले में खुफिया तंत्र की चूक हुई और भारत को अंतरराष्ट्रीय समर्थन नहीं मिला।

 

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान के भीतर मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऑपरेशन को “100% सफल” बताया था और इसे भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत का प्रमाण कहा था। सरकार ने इसे आतंकवाद के खिलाफ अपनी नई नीति का हिस्सा बताया है।

 

इस मुद्दे पर संसद में 16 घंटे की लंबी बहस तय की गई है। दोनों पक्षों ने सहमति जताई है कि लोकसभा और राज्यसभा में यह चर्चा क्रमश: 28 और 29 जुलाई को होगी। चर्चा में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता तो होंगे ही, साथ ही वे सांसद भी शामिल हो सकते हैं जो हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भारत का पक्ष रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय दौरे पर गए थे। संसद का माहौल आज बेहद गरम रहने वाला है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!