Operation Sindoor के बाद पाकिस्तानी न्यूज़ एंकर का रोते हुए वीडियो वायरल, सपा नेता का तीखा बयान
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में भारतीय पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की बड़ी जवाबी कार्रवाई सामने आई है। मंगलवार रात सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल ऑपरेशन करते हुए 9 आतंकी कैंपों को ध्वस्त कर दिया। इसमें बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है।
हमले के बाद देशभर में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने सभी जिलों में अलर्ट घोषित कर दिया है और पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल की एंकर का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कैमरे पर फूट-फूटकर रोती नजर आ रही हैं। वह हमले में मारे गए लोगों के लिए दुःख व्यक्त करते हुए ‘खुदा से ताकत देने’ की दुआ करती दिख रही हैं। हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वीडियो को समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा किया और तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा— “पाकिस्तान की TV एंकर… अभी तुम लोगों को और फूट-फूट कर रोना है। सिंदूर उजाड़ने वालों का अब यही अंजाम होगा। भारत आतंकवाद का नामोनिशान मिटा देगा। जय हिंद!”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही स्पष्ट शब्दों में कहा था कि भारत इस आतंकी हमले का ऐसा जवाब देगा, जिसकी कल्पना भी दुश्मनों ने नहीं की होगी। अब सेना की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में घबराहट और बेचैनी का माहौल है।
Share this content:
