वॉरेन बफे से आगे निकले Nvidia CEO जेंसन हुआंग, पहली बार टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में बनाई जगह
दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनियों में शामिल Nvidia के सीईओ जेंसन हुआंग ने वैश्विक अमीरों की फेहरिस्त में ऐतिहासिक छलांग लगाई है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक जेंसन हुआंग की कुल संपत्ति 144 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे उन्होंने दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे को पछाड़ते हुए दुनिया के टॉप-10 सबसे अमीर व्यक्तियों में जगह बना ली है। जेंसन अब इस सूची में नौवें स्थान पर हैं, जबकि वॉरेन बफे 143 अरब डॉलर के साथ दसवें स्थान पर आ गए हैं।
जेंसन हुआंग की संपत्ति में इस साल अब तक 29.4 अरब डॉलर की जबरदस्त वृद्धि हुई है, जिसका श्रेय AI टेक्नोलॉजी के बढ़ते विस्तार और Nvidia के तेजी से बढ़ते मार्केट कैप को जाता है। बता दें कि Nvidia अब 4 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैप को पार करने वाली दुनिया की पहली चिप निर्माता कंपनी बन चुकी है।
हाल ही में जेंसन हुआंग ने Nvidia के 3.64 करोड़ डॉलर के शेयर बेचे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने 2,25,000 शेयर की बिक्री की, जो एक पूर्वनिर्धारित प्लान का हिस्सा थी। साल के अंत तक वे करीब 60 लाख शेयर बेच सकते हैं। इससे पहले जून में उन्होंने 1.5 करोड़ डॉलर के शेयर बेचे थे, जबकि पिछले साल कुल 70 करोड़ डॉलर के शेयरों की बिक्री की थी। फिर भी, जेंसन के पास अब भी कंपनी के 85.8 करोड़ से अधिक शेयर हैं, जो उनके नाम, ट्रस्ट या पार्टनरशिप के तहत हैं।
AI टेक्नोलॉजी की मांग बढ़ने के साथ ही Nvidia के GPU (ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट) अब बड़े-बड़े लैंग्वेज मॉडल्स और एआई सिस्टम्स के लिए जरूरी हो गए हैं। इसका सीधा असर Nvidia के शेयरों पर पड़ा, जो अब रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुके हैं। Nvidia की सफलता ने न सिर्फ कंपनी को ग्लोबल टेक्नोलॉजी की दौड़ में शीर्ष पर पहुंचाया, बल्कि उसके सीईओ जेंसन हुआंग को भी इतिहास में पहली बार दुनिया के सबसे अमीर 10 लोगों की लिस्ट में जगह दिला दी है।
जेंसन हुआंग की इस कामयाबी का बड़ा कारण है उनकी रणनीतिक सोच और तकनीकी दुनिया को भविष्य की जरूरतों के अनुसार दिशा देने की क्षमता। उन्होंने न केवल AI सेक्टर में Nvidia को आगे बढ़ाया बल्कि निवेशकों के लिए भी जबरदस्त वैल्यू क्रिएट की। आने वाले समय में यदि Nvidia की ग्रोथ जारी रहती है, तो जेंसन की संपत्ति में और तेज़ इजाफा देखने को मिल सकता है।
Share this content:
