लखनऊ में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रही वैन की होंडा सिटी से आमने-सामने टक्कर, मां-बेटी समेत तीन की मौत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में शनिवार भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही मारुति ओमिनी वैन की सामने से आ रही होंडा सिटी कार से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वैन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद होंडा सिटी का चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मलिहाबाद पहुंचाया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, मारुति ओमिनी वैन में सवार सभी लोग उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुईयां मदारपुर गांव जा रहे थे। सभी रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। यहां खंजन लाल की बेटी शैलेंद्री की शादी थी। समारोह में शामिल होने के बाद परिवार के लोग वैन से अपने घर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास सामने से आ रही होंडा सिटी कार से वैन की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद वैन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।

वैन चालक और मां-बेटी की मौत, चार घायलों का इलाज जारी

इस भीषण हादसे में हसनगंज के ऊंचा द्वार निवासी वैन चालक रामजी उर्फ अमित कुमार (20) पुत्र देशराज, रहीमाबाद के लुधई निवासी सर्वेश की पत्नी मायादेवी (30) और उनकी बेटी प्रिया (8) की मौत हो गई। वहीं, हादसे में आशिक (16), सरोज कुमारी (30), आनंद और दीपांशी (17) घायल हो गए। चारों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद होंडा सिटी कार का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

You may have missed