चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी UP में आयोजित हुई इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस: AI के प्रभावों को लेकर हुआ मंथन, 5 देशों के 42 शोधकर्ताओं ने रखे विचार

उन्नाव। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी यूपी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य, समाज पर उसके प्रभाव और मानवीय मूल्यों की भूमिका को लेकर दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कॉन्फ्रेंस में पांच देशों के 42 शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने तकनीक, समाज और पर्यावरण के भविष्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। कॉन्फ्रेंस का विषय ‘प्लैनेटरी फ्यूचर्स एंड द रोल ऑफ ह्यूमैनिटीज इन द एज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ रहा। इसका आयोजन स्लोवेनिया की अल्मा मेटर यूरोपिया यूनिवर्सिटी और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी हैदराबाद के अकादमिक सहयोग से किया गया। इसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, स्लोवेनिया और वियतनाम सहित पांच देशों के विशेषज्ञों ने एआई के बढ़ते प्रभाव और आने वाले समय में मानव जीवन पर इसके संभावित असर को लेकर चर्चा की।

इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के दौरान चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी यूपी के वाइस चांसलर प्रो. डॉ. विनिथ कुमार नायर ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बावजूद इंसान की रचनात्मकता, सोचने-समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता का महत्व हमेशा बना रहेगा। उन्होंने शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से ऐसे विषयों पर शोध करने का आह्वान किया, जिनका समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़े और जिनसे भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने में मदद मिल सके। वहीं, यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर प्रो. डॉ. थिपेंद्र पी. सिंह ने कहा कि बदलती तकनीक के साथ शिक्षा और शोध के तरीकों को भी विकसित करना जरूरी है। हालांकि, तकनीकी प्रगति की इस दौड़ में मानवीय मूल्यों, संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

पूर्व भारतीय राजदूत ने एआई के सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभावों पर किया आगाह

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयरलैंड में भारत के पूर्व राजदूत और मालदीव में पूर्व उच्चायुक्त अखिलेश मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास और इस्तेमाल के दौरान उसके सामाजिक, नैतिक और पर्यावरणीय प्रभावों को गंभीरता से समझना जरूरी है। तकनीक का उद्देश्य केवल सुविधाओं और कार्यक्षमता को बढ़ाना नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका लाभ समाज के हर वर्ग और प्रकृति दोनों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि एआई के भविष्य को लेकर होने वाली चर्चा में जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता देना आवश्यक है, ताकि तकनीकी विकास समाज के लिए लाभकारी साबित हो सके।

शिक्षा, शोध और पत्रकारिता में एआई के इस्तेमाल पर हुई चर्चा

कॉन्फ्रेंस में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. सुशील कुमार शर्मा ने मुख्य वक्तव्य देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता इस बात पर निर्भर करती है कि इंसान उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से और कितनी जिम्मेदारी के साथ करता है। शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे काम करने के तरीकों में बदलाव आ रहा है। इसके बावजूद मानवीय सोच, विश्लेषण करने और स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने की क्षमता को बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने एआई को एक उपयोगी तकनीकी माध्यम बताते हुए इसके संतुलित और जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर दिया।

समापन सत्र में पत्रकारिता पर एआई के प्रभावों को लेकर हुआ मंथन

कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य डॉ. के.एस. राव ने पत्रकारिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल और मीडिया के कामकाज पर पड़ने वाले इसके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मीडिया क्षेत्र में बदलती तकनीकी परिस्थितियों और पत्रकारिता के सामने उभरती नई चुनौतियों को लेकर विचार रखे। वहीं, आईआईआईटी हैदराबाद के डॉ. सौरव तोडारिया ने एआई, समाज और पर्यावरण के बीच संबंधों पर अपने विचार साझा किए। कॉन्फ्रेंस के दौरान चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी यूपी के विद्यार्थियों ने भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। दो दिवसीय आयोजन में विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों के बीच एआई के भविष्य, उसके जिम्मेदार उपयोग तथा मानवता और पर्यावरण के साथ उसके संतुलन को लेकर सार्थक विमर्श हुआ।

 

Share this content:

About The Author

You may have missed