जावेद अख्तर के राम वाले बयान पर भड़का मौलाना: राम से इतना प्यार है तो घर वापसी कर नाम रामपाल रख लें
Photo Source: Social Media
बॉलीवुड के जानेमाने दिग्गज गीतकार और लेखक जावेद अख्तर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इस बार उनके बयान के केंद्र में भगवान श्रीराम हैं। गीतकार जावेद अख्तर ने भगवान राम की महत्ता बताते हुए कहा कि राम केवल एक व्यक्ति या धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि धर्म चाहे कोई भी हो, लेकिन हिंदुस्तान के हर व्यक्ति के खून में राम मौजूद हैं। जावेद अख्तर के इस बयान पर अब विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना रशीदी ने उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए निशाना साधा है। मौलाना ने कहा कि अगर जावेद अख्तर को भगवान राम से इतना ही प्यार है तो उन्हें घर वापसी कर अपना नाम रामपाल रख लेना चाहिए।
दरअसल, जावेद अख्तर ने भगवान राम की अहमियत पर अपनी बात रखते हुए कहा था कि राम को सिर्फ एक व्यक्ति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, राम एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने की पद्धति का प्रतीक हैं। जावेद अख्तर ने कहा, “राम सिर्फ एक पर्सन की बात नहीं है। राम इज एन आइडिया, राम इज अ मोरालिटी। राम इज अ वे ऑफ लिविंग, राम इज सर्टेन एस्थेटिक्स, सर्टेन मोरालिटी।” उन्होंने आगे कहा कि जब किसी को इस नजरिए से समझा और सराहा जाता है तो उसकी बातें दिल को छूती हैं। जावेद अख्तर ने यह भी कहा कि उनकी इस बात से कई लोग नाराज हो सकते हैं, लेकिन उनके मुताबिक हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम मौजूद हैं, चाहे उसका मजहब कुछ भी हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि राम किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका व्यक्तित्व और विचार इससे कहीं बड़ा है।
मौलाना रशीदी ने साधा निशाना
जावेद अख्तर के इस बयान पर मौलाना रशीदी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर को इस मामले में स्पष्ट और सीधा रुख अपनाना चाहिए, ताकि उनके इस पक्ष के लोग भी वास्तव में उनका सम्मान कर सकें। मौलाना ने उनके परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनका पूरा परिवार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है। परिवार में कोई निर्माता है, कोई लेखक है तो कोई गीतकार है। ऐसे में अगर परिवार के लोग एक-दूसरे के काम की तारीफ नहीं करेंगे तो उनका कारोबार कैसे चलेगा? मौलाना रशीदी ने कहा कि वह खुद एक मुसलमान हैं और उन्हें अपने धर्म पर गर्व है। वह सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं, लेकिन जावेद अख्तर इस देश में दोनों तरफ पैर रखने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर एक साथ दो नावों पर सवार होना चाहते हैं, जो सही नहीं है।
मौलाना ने ईमानदारी पर भी उठाए सवाल
मौलाना रशीदी ने अपनी प्रतिक्रिया में जावेद अख्तर की मंशा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी बात पर स्पष्ट रहना चाहिए और दोहरे रुख से बचना चाहिए। मौलाना ने यहां तक टिप्पणी की कि ऐसे लोग अपनी ईमानदारी तक का सौदा कर सकते हैं। फिलहाल जावेद अख्तर के भगवान राम को लेकर दिए गए बयान और उस पर मौलाना रशीदी की प्रतिक्रिया ने एक नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ जावेद अख्तर ने राम को धार्मिक सीमाओं से ऊपर उठकर एक विचार और जीवन मूल्यों का प्रतीक बताया है, वहीं दूसरी तरफ मौलाना रशीदी ने उनके बयान पर सवाल खड़े करते हुए तीखा हमला बोला है।
Share this content:
