छठ के बाद यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रेलवे अलर्ट, DRM ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
लखनऊ। छठ महापर्व के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इन तैयारियों की हकीकत जानने के लिए मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने डोमिनगढ़ स्टेशन और गोरखपुर जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने गोरखपुर जंक्शन के प्रवेश द्वार संख्या-1 और 5, यात्री होल्डिंग एरिया-01, 01ए एवं 02, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 और 9 तथा कैब-वे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों की आवाजाही, निर्धारित मार्गों के सीमांकन और बैरिकेडिंग व्यवस्था को भी परखा। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए सभी निर्धारित रास्तों का प्रभावी इस्तेमाल कराया जाए और यात्रियों की आवाजाही इस तरह सुनिश्चित की जाए कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक जमावड़ा न हो। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-9 स्थित टीटीई रनिंग रूम का निरीक्षण कर रेलकर्मियों को उपलब्ध आवासीय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए भी जरूरी निर्देश दिए।
स्टेशन पर रात्रि विश्राम कर डीआरएम ने की निगरानी, यात्रियों से भी लिया फीडबैक
डीआरएम गौरव अग्रवाल सोमवार देर शाम गोरखपुर जंक्शन पहुंचे थे। भीड़ प्रबंधन की तैयारियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर नजर रखने के लिए उन्होंने स्टेशन पर ही रात्रि विश्राम किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में उनकी प्रतिक्रियाएं भी जानीं। यात्री होल्डिंग एरिया में लगे ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, शुद्ध पेयजल, सहायता बूथ, मोबाइल यूटीएस, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, कूलर, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मोबाइल यूटीएस के माध्यम से यात्रियों को बिना लंबी कतार में लगे अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने की सुविधा की भी जानकारी ली, ताकि टिकट काउंटरों पर भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
वॉर रूम से होगी प्लेटफॉर्मों की निगरानी, डोमिनगढ़ स्टेशन का भी किया निरीक्षण
डीआरएम ने गोरखपुर जंक्शन स्थित वॉर रूम का निरीक्षण कर प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की स्थिति और भीड़ प्रबंधन की निगरानी के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। इसके पहले उन्होंने डोमिनगढ़ स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। यहां पैनल रूम, ट्रेन परिचालन में संरक्षा संबंधी इंतजाम, यात्री सुविधाओं और कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिचालन सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए।
पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया तैयार, शेड से लेकर पेयजल और चिकित्सा तक की सुविधा
गौरतलब है कि छठ महापर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती संख्या को व्यवस्थित करने के लिए गोरखपुर जंक्शन पर कुल पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें प्लेटफॉर्म संख्या-1 और 2 की ओर चार तथा प्लेटफॉर्म संख्या-9 की ओर एक यात्री आश्रय स्थल शामिल है। इन सभी स्थानों पर जर्मन हैंगर शेड, सहायता डेस्क, मोबाइल यूटीएस, ट्रेनों की जानकारी देने के लिए एलईडी स्क्रीन, उद्घोषणा प्रणाली, चिकित्सा बूथ, पेयजल, प्रसाधन, मोबाइल चार्जिंग और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है। इन इंतजामों का उद्देश्य यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले सुरक्षित स्थान पर ठहरने और अपनी ट्रेन की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे स्टेशन परिसर में अनियंत्रित भीड़ की स्थिति न बने।
आरपीएफ-जीआरपी की तैनाती, कलर कोडिंग जैकेट से होगी कर्मचारियों की पहचान
यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन परिसर में आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों को जरूरत पड़ने पर आसानी से सहायता मिल सके, इसके लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की पहचान को लेकर विशेष कलर कोडिंग व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत वाणिज्य विभाग, आरपीएफ और जीआरपी के कर्मचारियों को नारंगी रंग की ल्यूमिनस जैकेट दी गई है, जबकि अन्य यात्री सहायता कर्मचारियों को हरे रंग की ल्यूमिनस जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। महत्वपूर्ण ट्रेनों में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से चढ़ाने और मेगा माइक के जरिए जरूरी दिशा-निर्देश देने के लिए भी कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि ट्रेन में चढ़ने के दौरान अफरातफरी और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का भी संचालन, चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश
रेलवे प्रशासन ने नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष ट्रेनों का भी संचालन शुरू किया है। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और चौबीसों घंटे निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
Share this content:
