लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, ओवरटेक करने के प्रयास में डंपर ने मारी जोरदार टक्कर, तीन मजदूरों की मौत दो घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अटरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सहजनपुर गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार डंपर चालक ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा घुसी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर लखनऊ में मजदूरी करने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे।

मिली जानकारी के मुताबकि मंगलवार सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सहजनपुर गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने आगे निकलने के लिए ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान डंपर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिजवाने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे शव

मामले में सीओ सिधौली ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए लोगों का उपचार कराया जा रहा है। सीओ ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share this content:

About The Author

You may have missed