छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का प्रतीक: पंकज चौधरी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि बनाए रखने की कामना करते हुए कहा कि यह महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं की समृद्ध विरासत का प्रतीक है।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है छठ पर्व
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठ महापर्व भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, आभार और समर्पण की भावना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित किया जाता है। यह परंपरा जीवन के प्रत्येक पहलू के प्रति सम्मान व्यक्त करने और हर परिस्थिति में कृतज्ञ रहने की भारतीय संस्कृति की महान परंपरा को दर्शाती है।
व्रती महिलाओं के तप, त्याग और समर्पण को किया नमन
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने छठ महापर्व पर चार दिवसीय कठिन निर्जला व्रत रखने वाली सभी माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं की आस्था, तप, त्याग और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना, पारिवारिक एकता और प्रकृति के साथ आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। यह महापर्व समाज में अनुशासन, पवित्रता, समानता और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करता है।
प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और उत्तर प्रदेश के निरंतर विकास की कामना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी श्रद्धालुओं एवं उनके परिवारों पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो तथा सभी के जीवन में खुशहाली आए। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के निरंतर विकास, उन्नति और प्रगति की कामना करते हुए कहा कि लोक आस्था का यह महापर्व सभी के जीवन में सकारात्मकता, नई ऊर्जा और खुशियों का संचार करे।
Share this content:
