UP की सियासत में नया समीकरण ! ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन क्या 2027 में अखिलेश-मायावती की बढ़ेगी मुश्किलें ?

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में दलित और मुस्लिम वोटों को लेकर नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान कर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। इस गठबंधन को उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अगर यह गठबंधन अपने वोट बैंक को एकजुट करने में कामयाब रहता है तो समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के लिए भी यह गठबंधन राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार

बता दें कि गुरूवार को गठबंधन का ऐलान करते हुए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। ओवैसी ने कहा कि वह इस गठबंधन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। हम सब मिलकर इस गठबंधन को सफल बनाने के लिए काम करेंगे।” ओवैसी के इस ऐलान के बाद साफ हो गया है कि गठबंधन प्रदेश में केवल चुनावी तालमेल तक सीमित रहने के बजाय मुख्यमंत्री पद के चेहरे के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है।

यह तीसरा मोर्चा नहीं, सामाजिक बदलाव की लड़ाई: चंद्रशेखर

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को महज तीसरा मोर्चा मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक बदलाव के लिए बनाया गया एक मजबूत राजनीतिक मंच है, जो आने वाले समय में और ताकतवर होगा। चंद्रशेखर के मुताबिक, हाशिए पर खड़े वंचित, पीड़ित, शोषित और दबे-कुचले वर्गों के लोग जैसे-जैसे इस मोर्चे से जुड़ेंगे, यह उनकी आवाज और अधिकारों की लड़ाई का बड़ा माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गरीबी, बेबसी, जातिगत हिंसा और अत्याचार खत्म करने का वादा किया था, वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इन वर्गों को एकजुट कर उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ेगा।

करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है गठबंधन

उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर का यह नया गठबंधन करीब 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। बताया जा रहा है कि दोनों नेता प्रदेश में अपने राजनीतिक प्रभाव और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। ओवैसी गुरुवार को लखनऊ पहुंचे, जहां चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर गठबंधन का ऐलान किया गया। यदि दोनों दल बड़ी संख्या में सीटों पर उम्मीदवार उतारते हैं तो प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। खासकर उन सीटों पर इसका असर देखने को मिल सकता है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाता चुनाव परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

20 फीसदी मुस्लिम और 21 फीसदी दलित वोट पर नजर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम और दलित मतदाताओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उपलब्ध राजनीतिक आकलनों के मुताबिक, प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत, जबकि दलित मतदाताओं की हिस्सेदारी लगभग 21 प्रतिशत मानी जाती है। मुस्लिम वोट करीब 143 विधानसभा सीटों पर सीधा प्रभाव डालने की स्थिति में है, वहीं दलित मतदाता लगभग 150 सीटों पर अहम चुनावी फैक्टर माने जाते हैं। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का साथ आना महज दो राजनीतिक दलों का गठबंधन नहीं, बल्कि प्रदेश के बड़े सामाजिक और चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

क्या अखिलेश यादव का बिगड़ेगा चुनावी खेल ?

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के एक मंच पर आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति को नुकसान पहुंचा सकता है? अब तक मुस्लिम मतदाताओं का बड़ा हिस्सा समाजवादी पार्टी के समर्थन में जाता रहा है, जबकि दलित वोट बैंक पर बीएसपी की मजबूत राजनीतिक दावेदारी रही है। ऐसे में अगर नया गठबंधन मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में सफल होता है तो सपा और बसपा, दोनों के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है। हालांकि, गठबंधन को कितनी चुनावी सफलता मिलेगी, यह उसके उम्मीदवारों, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर मतदाताओं के समर्थन पर निर्भर करेगा। फिलहाल इतना तय है कि ओवैसी और चंद्रशेखर की इस नई राजनीतिक साझेदारी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नया चुनावी सवाल खड़ा कर दिया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed