मुंबई से हार के बाद अक्षर पटेल को लगा तगड़ा झटका, BCCI ने स्लो ओवर रेट को लेकर लिया एक्शन
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 12 रनों से करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस हार के साथ-साथ टीम को एक और बड़ा झटका भी लगा। इस मुकाबले के बाद कप्तान अक्षर पटेल पर बीसीसीआई ने स्लो ओवर रेट को लेकर जुर्माना लगा दिया है। मैच के दौरान दिल्ली की टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई, जिसकी वजह से आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह कार्रवाई की गई।
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। दिल्ली की ओर से करुण नायर ने 89 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब जरूर पहुंचाया, लेकिन आखिरी ओवरों में हुए रन आउट्स ने मुकाबले का रुख बदल दिया। खासतौर पर 19वें ओवर में दिल्ली के तीन बल्लेबाज रन आउट हो गए, जिससे टीम जीत के करीब पहुंचकर भी मैच हार गई।
अक्षर पटेल की बात करें तो उन्होंने इस मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से खास प्रदर्शन नहीं किया। उन्होंने सिर्फ दो ओवर किए और कोई विकेट नहीं निकाल सके, वहीं बल्लेबाजी में भी मात्र 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में कप्तानी के साथ-साथ व्यक्तिगत प्रदर्शन के मोर्चे पर भी वह आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
बीसीसीआई की ओर से लगे इस जुर्माने से अक्षर पटेल और दिल्ली की टीम पर दबाव और बढ़ गया है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए टीम को अब न सिर्फ लगातार जीत दर्ज करनी होगी बल्कि ओवर रेट जैसे तकनीकी मामलों पर भी खास ध्यान देना होगा।
Share this content:
