April 30, 2026

मुंबई में रिलीज हुई ‘मर्दानी 3’, रानी मुखर्जी ने वसूली सबसे तगड़ी फीस

रानी मुखर्जी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मर्दानी 3’ आखिरकार 30 जनवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने दमदार और आइकॉनिक किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में नजर आ रही हैं। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी हमेशा से अपनी मजबूत कहानी और सशक्त महिला किरदार के लिए जानी जाती रही है और तीसरे पार्ट को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म रिलीज के साथ ही इसकी स्टारकास्ट की फीस को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ में मुख्य भूमिका निभाने के लिए रानी मुखर्जी ने सबसे ज्यादा फीस ली है। बताया जा रहा है कि रानी ने इस फिल्म के लिए करीब 7 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं। लगभग 30 साल के लंबे फिल्मी करियर के बावजूद रानी मुखर्जी की स्टार वैल्यू बरकरार है और यही वजह है कि वह आज भी बड़े प्रोजेक्ट्स में भारी-भरकम फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं। शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार को दर्शकों से पहले की तरह ही इस बार भी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

हर ‘मर्दानी’ फिल्म की तरह इस बार भी कहानी में एक मजबूत और खतरनाक विलेन देखने को मिला है। ‘मर्दानी 3’ में नेगेटिव रोल निभाने वाली मल्लिका प्रसाद के किरदार ‘अम्मा’ की खूब चर्चा हो रही है। हालांकि फीस के मामले में उन्हें सबसे कम रकम मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मल्लिका प्रसाद को इस फिल्म के लिए करीब 50 लाख रुपये दिए गए हैं। इसके बावजूद उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिल रही है और उनका किरदार फिल्म में अहम मोड़ लाता है।

फिल्म में गुजराती फिल्मों से पहचान बना चुकीं जानकी बोदीवाला भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। जानकी के अभिनय की सोशल मीडिया पर भी जमकर तारीफ हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ‘मर्दानी 3’ के लिए जानकी बोदीवाला को करीब 1 करोड़ रुपये की फीस मिली है। वहीं फ्रेंचाइजी के पिछले हिस्सों में भी नजर आ चुके मिखाइल यावलकर इस बार भी सपोर्टिंग रोल में दिखाई दिए हैं और बताया जा रहा है कि उन्हें लगभग 70 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ का कुल बजट करीब 75 करोड़ रुपये है। फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2014 में हुई थी, जहां पहले पार्ट में ताहिर राज भसीन विलेन के रोल में नजर आए थे, जबकि 2019 में रिलीज हुए दूसरे पार्ट में विशाल जेठवा ने अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों को प्रभावित किया था। अब ‘मर्दानी 3’ भी अपनी कहानी, किरदारों और रानी मुखर्जी के मजबूत अभिनय के दम पर बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!