दिल्ली में सोमवार शाम हुए भीषण ब्लास्ट के बाद देशभर में हड़कंप मच गया है। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया भूटान से सामने आई है। वहां एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने साफ कहा कि इस घिनौने षड्यंत्र में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा और जांच एजेंसियां पूरी सच्चाई उजागर करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, “कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित किया है। मैं पीड़ित परिवारों के दुख को समझता हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि हमारी जांच एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी। जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।” मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों को खुली छूट दे दी है ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
भूटान में इस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त करने के लिए एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसका नेतृत्व स्वयं भूटान के नरेश ने किया। सभा में दोनों देशों के अधिकारी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सिर्फ दिल्ली या भारत का नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ किया गया अपराध है। उन्होंने कहा कि निर्दोषों की जान लेने वाले ऐसे आतंकी तत्वों के खिलाफ भारत पूरी ताकत से कार्रवाई करेगा।
इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जांच तेजी से चल रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी ब्लास्ट के तुरंत बाद सक्रिय हो गए थे। सोमवार की रात ही शाह घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और घायलों से मिलने अस्पताल भी गए। उन्होंने दिल्ली पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो और एनआईए समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियों के साथ हाई-लेवल मीटिंग की। शाह ने कहा कि किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है और शुरुआती जांच में कई अहम सुराग मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में धमाका हुआ। अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 30 लोग घायल हैं। पुलिस ने उस कार के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है और विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री की जांच फॉरेंसिक टीम कर रही है। राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
पीएम मोदी के कड़े बयान से साफ है कि सरकार इस घटना को लेकर बेहद गंभीर है। जांच की दिशा और कार्रवाई आने वाले दिनों में यह तय करेगी कि आखिर दिल्ली में हुआ यह धमाका किसी आतंकी साजिश का हिस्सा था या किसी संगठित अपराध की कड़ी।
Share this content:
