संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना की दमदार मौजूदगी के साथ फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर छाया; 5 दिसंबर को होगी रिलीज
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर’ का आधिकारिक ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया, जिसने कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह हाई-ऑक्टेन एक्शन ड्रामा लंबे समय से चर्चा में था, और अब चार मिनट सात सेकंड का यह भौकाली ट्रेलर यह साफ कर देता है कि फिल्म दर्शकों के लिए एक बड़े पैमाने की सिनेमैटिक पेशकश होने वाली है। ट्रेलर की पहली ही झलक से यह अंदाजा लग जाता है कि कहानी पाकिस्तान, जासूसी नेटवर्क और खतरनाक मिशनों के इर्दगिर्द घूमती है, जिसमें रणवीर सिंह एक उग्र और तेज़-तर्रार वॉरियर के रूप में नजर आते हैं।
ट्रेलर की शुरुआत अर्जुन रामपाल के किरदार से होती है, जो 1971 की जंग के बाद पाकिस्तान की स्थिति को बयान करते हुए ‘Bleed India With a Thousand Cuts’ जैसी अवधारणा का ज़िक्र करते हैं। यह हिस्सा ट्रेलर में एक गंभीर टोन सेट करता है और यह स्पष्ट करता है कि कहानी एक ऐसी सच्ची घटना की जमीन पर आधारित है, जिसने भारत की सुरक्षा व्यवस्था को गहराई से प्रभावित किया। अर्जुन रामपाल इस फिल्म में मेजर इकबाल (ISI) के रोल में दिख रहे हैं, जो पाकिस्तान की सियासत में बेहद प्रभावशाली किरदार है और जिसकी मर्जी के बिना एक भी फैसला नहीं हो सकता।
इसके बाद दर्शकों को फिल्म के बाकी दमदार किरदारों की झलक मिलती है—आर. माधवन, जो AJAY SANYAL नाम के इंडियन इंटेलिजेंस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं और जिनका डायलॉग “मुंह तोड़ने के लिए मुट्ठी बंद करना जरूरी है” फिल्म का टोन और सख्त बना देता है। ट्रेलर में अक्षय खन्ना भी एक बेहद खतरनाक किरदार REHMAN DAKAIT के रूप में दिखते हैं, जो पाकिस्तान की एक राजनीतिक शक्ति का हिस्सा है और जिसे लोग उसके निर्दयी स्वभाव के कारण डरते हैं। इन सबके बीच सबसे ज्यादा ध्यान खींचते हैं संजय दत्त, जो SP चौधरी असलम के रूप में नजर आते हैं और सफेद कुर्ता-पायजामा में एंट्री लेते ही ट्रेलर को एक अलग ही रफ्तार दे देते हैं। उनके संवाद फिल्म में रौब और रोमांच दोनों का संतुलन बनाते हैं।
ट्रेलर का असली हाईलाइट है रणवीर सिंह की एंट्री—एक ताकतवर, दृढ़ और खतरनाक अंदाज़। ट्रेलर में उनका किरदार पाकिस्तान में घुसकर बदले की आग में दुश्मनों को तबाह करने की रणनीति पर काम करता दिखता है। रणवीर का लुक, बॉडी लैंग्वेज और संवाद डिलीवरी उन्हें फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण बनाता है। खास बात यह है कि ट्रेलर केवल किरदारों का इंट्रोडक्शन देता है, जबकि कहानी के असली ट्विस्ट को पूरी तरह छुपाए रखता है, ताकि दर्शकों की जिज्ञासा बनी रहे।
कुल मिलाकर ‘धुरंधर’ का ट्रेलर यह साबित कर देता है कि फिल्म महज एक्शन नहीं, बल्कि राजनीति, इंटेलिजेंस ऑपरेशन्स, बदला और देशभक्ति का मिश्रण है। बड़े कलाकारों की जमकर मौजूदगी, दमदार लोकेशन्स और साफ-सुथरी सिनेमैटिक अप्रोच इसे इस साल की सबसे हाई-वॉल्टेज फिल्मों में से एक बना देती है। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और ट्रेलर देखकर दर्शकों के बीच इसके प्रति उत्साह पहले ही चरम पर पहुंच चुका है।
Share this content:
