मोनालिसा ने क्यों छोड़ दिया बॉलीवुड? बोलीं– ‘मुंबई का प्रेशर मैं नहीं झेल पाई’, मजबूरी में लौटना पड़ा कोलकाता
भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री मोनालिसा, जिनका असली नाम अंतरा बिस्वास है, आज लाखों दर्शकों के दिलों में राज करती हैं। लेकिन उनकी सफलता की ये कहानी इतनी आसान नहीं रही। फिल्मों में आने से पहले मोनालिसा ने होटल इंडस्ट्री में बतौर वेटर अपना करियर शुरू किया था। होटल ताज से लेकर ओबेरॉय जैसे प्रतिष्ठित होटलों में उन्होंने काम किया और फिर धीरे-धीरे फिल्मों की ओर रुख किया। एक्टिंग में दिलचस्पी होने के चलते उन्होंने फिल्मों में कदम रखने का फैसला किया और नाम बदलकर मोनालिसा रख लिया।
मोनालिसा की शुरुआती पहचान बंगाली फिल्मों से बनी, जहां उन्हें छोटे-मोटे रोल्स मिलते थे, लेकिन वे इससे संतुष्ट थीं। इसी दौरान उन्होंने सोचा कि बॉलीवुड में भी किस्मत आजमाई जाए और एक व्यक्ति के जरिए वह मुंबई पहुंच गईं। शुरुआत में उन्होंने कुछ फिल्मों में छोटे रोल किए, जिनमें उनकी पहली फिल्म ‘जयते’ थी, जो साल 1997 में रिलीज़ हुई थी। इसके बाद भी उन्हें कुछ ऑफर्स मिले, लेकिन वो मुकाम नहीं मिल पाया जिसकी वह उम्मीद कर रही थीं।
हाल ही में यूट्यूब चैनल ‘द एड शो’ में भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे की बहन आंचल दुबे के साथ बातचीत में मोनालिसा ने खुलकर बताया कि आखिर उन्होंने मुंबई क्यों छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में काम करने का दबाव बहुत ज्यादा था और उस वक्त उनकी उम्र भी बहुत कम थी। वह कहती हैं, “मैं पीजी में रहती थी, किसी को जानती नहीं थी और इंडस्ट्री का नेक्स्ट लेवल प्रेशर मैं झेल नहीं पाई।”
मोनालिसा ने यह भी स्वीकार किया कि उस दौर में अकेले रहना और खुद को संभालना आसान नहीं था। मुंबई में रहने के दौरान उन्होंने गहरी मानसिक थकावट और सामाजिक असुरक्षा महसूस की। इसी वजह से उन्होंने वापस कोलकाता लौटने का फैसला लिया। उन्होंने अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी की और इसके साथ-साथ बंगाली टीवी सीरियल्स में काम करने लगीं। उनका काम अच्छा चल निकला और उन्हें वहां सुकून और आत्मविश्वास दोनों मिला।
साल 2004 में ग्रेजुएशन पूरा होने के बाद उन्होंने एक बार फिर मुंबई लौटने का फैसला लिया, इस बार एक नई सोच और आत्मविश्वास के साथ। उन्हें टी-सीरीज के म्यूजिक वीडियोज़ में काम करने का मौका मिला और इसके बाद उन्होंने करीब 20 स्मॉल बजट फिल्मों में अभिनय किया। मगर असली पहचान उन्हें तब मिली जब 2007 में उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा। मनोज तिवारी और मिथुन चक्रवर्ती के साथ आई उनकी भोजपुरी फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में स्थापित कर दिया।
मोनालिसा खुद स्वीकार करती हैं कि उन्हें जो प्यार और पहचान भोजपुरी फिल्मों से मिली, वो बॉलीवुड या किसी और इंडस्ट्री से नहीं मिल पाई। आज भी फैंस उन्हें भोजपुरी की ‘मोनालिसा’ के रूप में याद करते हैं और पसंद करते हैं। उनका यह सफर संघर्ष से भरा रहा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और एक मजबूत पहचान कायम की।
Share this content:
