मेरठ में 12वीं की छात्रा आस्था की नृशंस हत्या: मां और ममेरे भाइयों पर हत्या और सिर काटने का आरोप
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परतापुर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसमें 12वीं कक्षा की छात्रा आस्था उर्फ तनिष्का (17 वर्ष) की गला दबाकर हत्या करने और सिर काटकर शव को ठिकाने लगाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में खुद उसकी मां और ममेरे भाइयों की संलिप्तता सामने आई है।
घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जब आस्था अपने दोस्त से मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी मां राकेश देवी ने फोन छीन लिया, जिससे दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर मां ने बेटी का गला घोंट दिया। इसके बाद राकेश देवी ने अपने भाइयों को बुलाया, जो महरौली गांव से कार में आए।
आरोप है कि ममेरे भाई मंजीत उर्फ मोनू, दो मामा, और एक मौसेरा भाई मिलकर आस्था के शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाते हैं। धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग किया गया और धड़ को बहादरपुर रजबहे में फेंका गया, जबकि सिर को जानी गंगनहर में।
पुलिस को आस्था की सलवार की जेब से एक कागज मिला, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। यह उसके दोस्त का था, जिसकी मदद से शव की पहचान हुई। पुलिस ने जब पूछताछ की तो मां, मामा और ममेरे भाई को हिरासत में लिया गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के अनुसार, आरोपी मंजीत की निशानदेही पर कटे हुए सिर की तलाश जानी गंगनहर में देर रात तक की गई।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में कई मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) निकाली गई है और इससे कई नई कड़ियाँ जुड़ सकती हैं। एक स्विफ्ट कार भी बरामद की गई है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि आस्था के कटे सिर की बरामदगी के बाद कई और राज खुल सकते हैं। पुलिस उसके मौसेरे भाई गौरव की भी तलाश कर रही है, जिसे इस हत्या में मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने छात्रा की मां और चार अन्य परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ तेज कर दी है। मेरठ की यह घटना घरेलू झगड़े से शुरू होकर एक जघन्य हत्याकांड में बदल गई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
Share this content:
