लखनऊ में MBA छात्र ने परीक्षा में फेल होने पर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में मां-पिता से मांगी माफी
लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 20 वर्षीय एमबीए छात्र आर्यन यादव ने परीक्षा में फेल होने के बाद आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उसका शव घर के आंगन में एक जाल से लटका मिला। इस घटना से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है। परिजनों का कहना है कि आर्यन छुट्टियों में मुंबई से घर आया था और उसकी मानसिक स्थिति को लेकर उन्हें कोई अंदेशा नहीं था।
आर्यन ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, “मम्मी-पापा, मैं आप सबकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया, मुझे माफ कर देना।” उसने अपनी असफलता को ही मौत की वजह बताया और किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। आर्यन के पिता गुड्डू यादव प्रॉपर्टी डीलर हैं और वह पूर्व जिला पंचायत सदस्य लल्लू यादव का भतीजा था। शव मिलने के बाद परिजन उसे फौरन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आर्यन ने आत्महत्या की योजना पहले से बना ली थी। वह एक दिन पहले बाजार से रस्सी लेकर आया था, लेकिन किसी को शक नहीं हुआ। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार आर्यन व्यवहार में बेहद सामान्य और मानसिक रूप से मजबूत था, जिससे यह कदम चौंकाने वाला है।
Share this content:
