बस 4 दिन और… दिल्ली में दस्तक दे रहा है मानसून, यूपी-महाराष्ट्र समेत 15 राज्यों में झमाझम बारिश
देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता तेज हो गई है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मानसून पहले ही पहुंच चुका है और बारिश से गर्मी में राहत मिली है। दिल्ली में जून के अंत तक मानसून के आने की संभावना है, जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश के साथ उमस भरी गर्मी में कमी आएगी और तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
वहीं, 23 से 27 जून के बीच अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, सिक्किम, ओडिशा जैसे राज्यों में तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
देश के कई हिस्सों में 23 से 28 जून के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
Share this content:
