तेज गेंदबाज जहांआरा आलम के आरोपों के बाद बांग्लादेशी कप्तान ने दिया विवादित जवाब, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम घसीटने से बढ़ी हलचल
बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम इन दिनों खेल से ज्यादा विवादों को लेकर सुर्खियों में है। टीम की कप्तान निगार सुल्ताना पर अपनी ही टीम की कुछ जूनियर खिलाड़ियों से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे थे। ये आरोप तेज गेंदबाज जहांआरा आलम ने लगाए थे, जिसके बाद मामला लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच निगार सुल्ताना ने जवाब देते हुए एक ऐसा बयान दे दिया जिसने विवाद को और गहरा कर दिया है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा— “मैं किसी को क्यों मारूंगी, मैं अपना स्टंप्स पर क्यों मारूंगी, मैं कोई हरमनप्रीत कौर हूं क्या?” उनका ये बयान वायरल हो गया।
निगार सुल्ताना यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने कभी किसी खिलाड़ी के साथ शारीरिक तौर पर दुर्व्यवहार नहीं किया। उनका कहना है कि अगर किसी को विश्वास नहीं है तो टीम के किसी भी सदस्य से पूछ लिया जाए। हालांकि, सवाल उठ रहा है कि उन्होंने अपनी सफाई देते समय आखिर हरमनप्रीत कौर का नाम क्यों लिया? बांग्लादेशी कप्तान के इस बयान पर क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, निगार सुल्ताना ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम का जिक्र इसलिए किया क्योंकि साल 2023 के बांग्लादेश दौरे पर हरमनप्रीत एक विवाद में फंस गई थीं। वनडे मैच में एलबीडब्ल्यू आउट दिए जाने पर हरमनप्रीत नाराज हो गई थीं और गुस्से में जाकर स्टंप्स पर बैट मार दिया था। यही नहीं, उन्होंने अंपायर के खिलाफ भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। इस घटना के बाद उनपर दो मैच का बैन लगा था और ये घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब चर्चा में रही थी।
हालांकि, हरमनप्रीत कौर ने उस विवाद को पीछे छोड़ते हुए अपने करियर में कमाल कर दिखाया। हाल ही में उनकी कप्तानी में भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप का खिताब जीता, जिसने उन्हें इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज कर दिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर ये बड़ी उपलब्धि हासिल की।
अब चाहे निगार सुल्ताना की टिप्पणी को लेकर कितना भी विवाद हो, लेकिन हरमनप्रीत कौर की उपलब्धियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मारपीट के आरोपों, कप्तानों के इन बयानों और पुराने विवादों की वजह से बांग्लादेश महिला टीम एक बार फिर गलत कारणों से सुर्खियों में है। अब देखने वाली बात ये होगी कि क्रिकेट बोर्ड इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और टीम के भीतर बढ़ते मतभेदों को कैसे संभालता है।
Share this content:
