दिल्ली और बिहार के बीच खेले जा रहे कूच बेहार ट्रॉफी के मुकाबले में पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अपने दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया। दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने मैच में कुल 99 रन बनाकर दिल्ली को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके साथ तेज गेंदबाज लक्ष्मण भी छा गए, जिन्होंने मैच में कुल 11 विकेट अपने नाम किए।
पहली पारी में दिल्ली की शुरुआत खराब रही। टीम ने जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवा दिए और 4 व 0 के स्कोर पर बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद आर्यवीर सहवाग और कप्तान प्रणव पंत ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 147 रनों की शतकीय साझेदारी की और बिहार के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। आर्यवीर ने 72 रन बनाए, जबकि पंत 89 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली पहली पारी में 278 रन तक ही पहुंच पाई, लेकिन टीम के लिए पर्याप्त साबित हुए।
जवाब में बिहार की टीम का खेल बेहद खराब रहा। पहली पारी में पूरी टीम सिर्फ 125 रन बनाकर ढेर हो गई। फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में भी बिहार बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका और 205 रन पर सिमट गया। इस तरह दिल्ली को जीत के लिए सिर्फ 53 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 15.2 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस दौरान आर्यवीर ने दूसरी पारी में भी नाबाद 27 रन बनाए और टीम को जीत दिलाते हुए मैदान से लौटे।
आर्यवीर सहवाग की एज-ग्रुप क्रिकेट में पहचान लगातार मजबूत हो रही है। साल 2023 से वह दिल्ली के लिए नियमित रूप से खेल रहे हैं। अब तक खेले गए 61 मैचों में उन्होंने 2103 रन बनाए हैं। पिछले साल कूच बेहार ट्रॉफी में उन्होंने मेघालय के खिलाफ नाबाद 200 और एक मैच में 297 रन बनाकर सुर्खियां बटोरी थीं। दिल्ली प्रीमियर लीग में भी उन्होंने अपना दम दिखाया था, जहां उन्हें सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 8 लाख रुपये में खरीदा था।
कूच बेहार ट्रॉफी के इस मुकाबले ने एक बार फिर साबित किया है कि आर्यवीर सहवाग अपने पिता की तरह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और भारतीय क्रिकेट जगत में उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आता है।
Share this content:
