May 1, 2026

देशभर में मॉनसून सक्रिय, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में फिर से मानसून सक्रिय हो गया है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए भारी बारिश की संभावना जताई है। बीते कुछ दिनों में रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद गर्मी और उमस फिर से बढ़ गई थी, लेकिन अब मौसम विभाग ने साफ किया है कि सप्ताहभर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। सोमवार को दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी थी, और आज फिर से तेज बारिश का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा हो सकती है। बिहार में रविवार को कई जगह अच्छी बारिश हुई, जिससे लंबे समय से बनी गर्मी और उमस से राहत मिली। आज भी राज्य के कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र—जैसे नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर—में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर में 21 से 23 जुलाई के बीच अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 27 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है। यहां 23 जुलाई तक भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

दक्षिण और पश्चिम भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों में अगले 24 घंटों के भीतर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। रविवार को उडुपी के हंगलोर में 92 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि गडग में 77.1 मिमी बारिश हुई, जो जुलाई माह की तीसरी सबसे अधिक वर्षा मानी जा रही है। इसके अलावा, गोवा और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 21 से 27 जुलाई के बीच अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

देश के कई हिस्सों में सक्रिय हुए इस मॉनसून से गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन साथ ही संभावित बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!