महाराजगंज में पत्नी ने सोते पति पर धारदार हथियार से किया हमला, ससुर की तहरीर पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने गहरी नींद में सो रहे अपने पति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गई। हमले में गंभीर रूप से घायल पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

यह मामला सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पतरेंगवा सुकऊ टोला का है। पीड़ित राजेन्द्र के पिता भोला यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि राजेन्द्र की शादी कुशीनगर जिले की रीता से हुई थी। बीते कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। 16 जुलाई को रीता ने पति के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी थी, जिसके बाद 17 जुलाई को सुलहनामा कराया गया था। बावजूद इसके, झगड़े खत्म नहीं हुए।

शुक्रवार की आधी रात को जब राजेन्द्र गहरी नींद में था, तभी रीता ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ राजेन्द्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ससुर भोला यादव का आरोप है कि बहू रीता ने अपने पिता और भाई के उकसावे पर इस हमले की साजिश रची और सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने ससुर की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस टीम जगह-जगह दबिश देकर फरार महिला की तलाश कर रही है, ताकि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Share this content:

About The Author

You may have missed