महाकुंभ की पवित्रता पर हमला: प्रयागराज में महिला स्नानार्थियों के अशोभनीय वीडियो पोस्ट करने पर यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन, गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू

महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस धार्मिक आयोजन की पवित्रता को धूमिल करने में जुटे हुए हैं। इन लोगों ने महिलाओं के संगम स्नान के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं और कई तो इन वीडियो को बेच भी रहे हैं, जिससे महाकुंभ के दिव्य स्वरूप को नष्ट करने की कोशिश हो रही है।

हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस ने ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रयागराज पुलिस ने इन महिला श्रद्धालुओं की असंवेदनशील वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट करने और उन्हें बेचे जाने के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यूपी पुलिस के महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जो महिला श्रद्धालुओं की अशोभनीय वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं और टेलीग्राम पर बेचने का दावा कर रहे हैं।

पुलिस की साइबर टीम की सक्रियता

पुलिस की साइबर टीम इन आपत्तिजनक पोस्ट्स को लेकर इंटरनेट मीडिया पर लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। यह टीम सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और अशोभनीय सामग्री पोस्ट करने वाले आरोपियों का पता लगा रही है। साइबर पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ महिलाएं महाकुंभ में स्नान करने और कपड़े बदलते समय की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी गई थीं, जो न केवल महिलाओं की गरिमा के खिलाफ थी, बल्कि महाकुंभ की पवित्रता पर भी हमला था।

कड़ी कार्रवाई की जा रही है

पुलिस ने इस मामले में एक इंस्टाग्राम अकाउंट @neha1224872024 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिस पर महिला स्नानार्थियों के आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए थे। इस अकाउंट के खिलाफ मेटा कंपनी से जानकारी मांगी गई है और पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी और इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महाकुंभ जैसे पवित्र अवसर पर इस तरह के कृत्य समाज की सभ्यता और संस्कृति को चोट पहुंचाते हैं। पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके और महाकुंभ की पवित्रता बनी रहे।

Share this content:

About The Author