April 17, 2026

ईदी तक नहीं छोड़ी! लखनऊ में तीन घरों पर ‘नकाबपोश’ चोरों का धावा, मासूम की गुल्लक से लेकर लाखों की लूट

लखनऊ के दबग्गा क्षेत्र में गुरुवार की सुबह तीन नकाबपोश चोरों ने ऐसी हैवानियत दिखाई कि पूरा इलाका सकते में आ गया। इन चोरों ने एक नहीं, बल्कि तीन घरों को अपना निशाना बनाया और न सिर्फ नकदी व गहने चुराए, बल्कि एक मासूम बच्चे की गुल्लक भी नहीं छोड़ी, जिसमें उसने ईद के तोहफों की अपनी छोटी-छोटी खुशियाँ संजो कर रखी थीं।

बेकरी के लिए जमा पैसे भी ले उड़े चोर

चोरों ने सबसे पहले बेकरी में काम करने वाले मोहम्मद मेराज के घर में सेंध लगाई। मेराज ने बताया कि उन्होंने बेकरी मशीन खरीदने के लिए करीब 1.4 लाख रुपये जमा कर रखे थे, जिसे चोर उठा ले गए। यही नहीं, चोरों ने उनकी पत्नी के गहने और बेटे उमर की गुल्लक भी चुरा ली। उमर ने ईद में मिले उपहारों को संजोकर गुल्लक में जमा किया था। चोरों की बेरहमी इस कदर थी कि उन्होंने नकली गहनों को घर के कोनों में फेंक दिया, जबकि असली गहने और नकदी समेट ले गए।

ईद मनाने गए डॉक्टर का भी घर नहीं बख्शा

इसी कॉलोनी में रहने वाले डॉ. मेराज आमिर, जो एक निजी अस्पताल में चिकित्सक हैं, का घर भी चोरों के निशाने से नहीं बचा। डॉक्टर अपने परिवार सहित ईद मनाने पैतृक गांव संडीला गए हुए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं और सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने उनके घर को भी खंगाल कर कीमती सामान पार कर दिया।

तीसरे घर से 5 लाख के गहनों की चोरी

तीसरी वारदात फातिमा कॉलोनी निवासी सैयद फैयाज के घर में हुई, जहां से चोरों ने करीब 5 लाख रुपये के आभूषण, नकदी और कीमती सामान चुरा लिए। एक ही सुबह तीन घरों में इस तरह की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के हाथ खाली, CCTV फुटेज की जांच जारी

दुब्बगा थाने के एसएचओ अभिनव कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान में जुटी है, और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। लेकिन एक ही मोहल्ले में हुई इन तीन वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सवाल ये है कि जब लखनऊ जैसे शहर में बच्चे की गुल्लक तक महफूज़ नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!