सास की थाली में चावल ज़्यादा देने पर हुआ विवाद, पत्नी ने पति की पिस्तौल से खुद को मारी गोली
लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में मंगलवार को एक मामूली पारिवारिक विवाद ने भयावह मोड़ ले लिया, जब एक महिला ने अपने पति की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। यह घटना नई बस्ती नंदना की है, जहां रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर अतुल सिंह की पत्नी गुंजा सिंह (28) ने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद गुंजा को गंभीर हालत में सेवा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवारवालों के अनुसार, घटना वाले दिन अतुल सिंह किसी काम से बाहर थे। गुंजा ने उन्हें फोन करके दोपहर का खाना खाने के लिए बुलाया। जब अतुल घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां शोभा सिंह के साथ खाना शुरू किया। गुंजा जब थाली लेकर आईं, तो अतुल ने नाराज़गी जताई कि मां की थाली में चावल ज़्यादा क्यों दिया गया, जबकि वह शुगर पेशेंट हैं। गुंजा ने सफाई दी कि उनकी सास ने खुद ही ज़्यादा चावल मांगे थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई और अतुल ने गुंजा को डांट दिया। इसके बाद गुंजा अपने कमरे में चली गईं।
थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। अतुल जब कमरे में पहुंचे तो देखा कि गुंजा खून से लथपथ फर्श पर गिरी हुई थीं। उन्होंने अतुल की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को सीने में गोली मार ली थी। अतुल ने तुरंत अपने भाई मृदुल को बुलाया और गुंजा को सेवा अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर एडीसीपी नार्थ जितेंद्र दुबे समेत कई पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने जानकारी दी कि अतुल सिंह ने जान के खतरे का हवाला देकर पिस्तौल का लाइसेंस लिया था, लेकिन उसे घर में लापरवाही से रखा गया। इसी लापरवाही की वजह से वह पिस्तौल गुंजा की आत्महत्या का कारण बनी। बीकेटी पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर आत्महत्या की जांच शुरू कर दी है और लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Share this content:
