लखनऊ में फिल्मी स्टाइल में फायरिंग: पूर्व सांसद का पौत्र ऑफिस में घुसा, कर्मचारियों को बनाया बंधक
लखनऊ: राजधानी के वीआईपी इलाके में देर रात अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक आईटी कंपनी में घुसकर पूर्व सांसद के पौत्र ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। दोनों हाथों में पिस्टल और रिवॉल्वर लेकर आरोपी ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया, उन्हें मुर्गा बनने पर मजबूर किया और ऑफिस में तोड़फोड़ मचाई।
फायरिंग और हमले से दहला इलाका
घटना देर रात करीब 8 बजे की है, जब विवेक भदौरिया, जो पूर्व सांसद अनुज सिंह भदौरिया का पौत्र बताया जा रहा है, वैष्णवी इंटरप्राइजेज नामक आईटी कंपनी में घुसा। उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। जब एक कर्मचारी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे रिवॉल्वर की बट से पीटा और फिर उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हथियार लहराते हुए भागने की कोशिश, पुलिस ने पकड़ा
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भागते हुए पकड़ लिया। उसके पास से रिवॉल्वर और पिस्टल बरामद हुईं। इस दौरान आरोपी के साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे, जो कंपनी के बाहर खड़े थे। पुलिस दोनों से भी पूछताछ कर रही है।
रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
कंपनी संचालक अनुज कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि विवेक भदौरिया रंगदारी मांग रहा था। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह ऑफिस में घुसकर आतंक मचाने लगा।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, होगी कड़ी कार्रवाई?
पुलिस ने आरोपी विवेक भदौरिया के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी?
Share this content:
