April 29, 2026

लखनऊ में दिनदहाड़े दो बच्चों का अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगी गई

लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। यहां दो बच्चों का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया और परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है और जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, आलमबाग की बीजी कॉलोनी निवासी संजय सिंह का 12 वर्षीय बेटा गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने पड़ोसी के बच्चे के साथ साइकिल चलाने निकला था। देर शाम तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन और पूछताछ के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। घबराए परिजनों ने रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू हुई।

पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चे साइकिल चला रहे थे तभी एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि आरोपी बच्चों को साइकिल के साथ आलमबाग से चारबाग तक लेकर गया। पुलिस ने बच्चों की साइकिल चारबाग इलाके से बरामद कर ली है, लेकिन बच्चे अभी भी लापता हैं।

इस बीच, शुक्रवार सुबह परिजनों के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को बच्चों का अपहरणकर्ता बताते हुए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी और कहा कि पैसे मिलने पर ही बच्चे छोड़े जाएंगे। पुलिस इस कॉल को ट्रेस करने और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी का हुलिया साफ नजर आ रहा है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।

इस घटना पर राजनीति भी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार अपहरण और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का दावा है कि बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज अपहरण कांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!