April 17, 2026

लखनऊ: पवन सिंह पर ‘बैड टच’ का आरोप, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और हरियाणवी सिंगर-एक्ट्रेस अंजलि राघव के बीच छिड़ा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामला लखनऊ में हुए एक लाइव शो से जुड़ा है, जहां 29 अगस्त को पवन सिंह मंच पर अंजलि राघव की कमर को अनुचित तरीके से छूते हुए कैमरे में कैद हुए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसके बाद पवन सिंह की जमकर आलोचना होने लगी। अब इस पूरे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है क्योंकि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान ले लिया है।

महिला आयोग ने पवन सिंह और अंजलि राघव से जुड़े इस विवाद पर गंभीरता दिखाते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। आयोग ने मांग की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए। माना जा रहा है कि पवन सिंह को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। इसके अलावा उन पर एफआईआर दर्ज होने या नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा जाने की संभावना भी जताई जा रही है। आयोग के इस कदम से साफ है कि अब यह विवाद महज सोशल मीडिया की चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कानूनी कार्रवाई की दिशा में बढ़ेगा।

इस विवाद के शुरुआती चरण में अंजलि राघव ने न केवल सोशल मीडिया पर पवन सिंह की हरकत को अनुचित बताया था, बल्कि उन्होंने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को छोड़ने का ऐलान भी कर दिया था। उनका कहना था कि इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से आहत किया है। अंजलि ने दिल्ली पुलिस के साइबर क्राइम सेल में भी शिकायत दर्ज कराई थी और 20 से अधिक इंस्टाग्राम अकाउंट्स की सूची सौंपी थी, जिन पर उन्हें निशाना बनाने और अपमानजनक कंटेंट फैलाने का आरोप लगाया।

दूसरी ओर, विवाद बढ़ने पर पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक माफी मांगते हुए कहा कि उनका इरादा गलत नहीं था। हालांकि, अंजलि राघव ने इस माफी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और उल्टा उन पर यह आरोप लगाया कि वह सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। अंजलि के इस बयान ने विवाद को और तूल दे दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद लोगों ने पवन सिंह के व्यवहार की कड़ी आलोचना की। कई यूजर्स ने इसे ‘बैड टच’ करार देते हुए कहा कि एक पब्लिक परफॉर्मेंस में इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। अब जबकि महिला आयोग ने खुद इस मामले को हाथ में लिया है, तो देखने वाली बात यह होगी कि पवन सिंह के खिलाफ आगे किस तरह की कानूनी कार्रवाई होती है और यह विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!