April 19, 2026

लखनऊ: निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा, कार्रवाई की मांग

लखनऊ में एक निजी अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने आए मरीज की मौत हो जाने से हंगामा खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरम हो गया है। परिजनों ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर केस दर्ज करने और जिम्मेदार डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र के कुर्सी रोड स्थित एक निजी अस्पताल का है। जानकारी के अनुसार, मरीज की पहचान अनिल रावत के रूप में हुई है, जिसे पथरी की समस्या थी। परिवारवालों के मुताबिक, वह खुद बाइक चलाकर अस्पताल आया था और सामान्य हालत में भर्ती हुआ था। शुक्रवार को उसका गाल ब्लेडर में पथरी का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे आईसीयू में शिफ्ट करके वेंटिलेटर पर रखा गया। बावजूद इसके डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा पाए।

मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऑपरेशन जूनियर डॉक्टरों से करवाया गया था, जबकि परिवार को सीनियर डॉक्टर द्वारा सर्जरी किए जाने का भरोसा दिलाया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान नस कट गई, जिसके चलते मरीज की हालत बिगड़ती चली गई। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते सही इलाज होता तो अनिल की जान बच सकती थी।

मृतक के परिजनों का गुस्सा देखते हुए अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना दी गई तो मौके पर पहुंची टीम ने हालात संभाले। परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है जिसमें अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। वहीं, परिजनों का कहना है कि जब तक डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे। यह घटना एक बार फिर से निजी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मरीज के परिजनों का आरोप है कि मुनाफे की दौड़ में अस्पताल प्रशासन मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!