May 5, 2026

मजाक में शुरू हुआ रिश्ता बना खौफनाक साजिश की वजह, रेलवे कर्मचारी की हत्या में तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

लखनऊ के बंथरा इलाके में रेलवे कर्मचारी सिद्धि प्रसाद लोधी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संजय कश्यप के रूप में हुई है, जिसे दिल्ली से गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। इससे पहले हत्या के मामले में सिद्धि प्रसाद की पत्नी मंजू देवी और उसके प्रेमी आकाश वर्मा को पहले ही 4 जून को जेल भेजा जा चुका है।

24 मई की शाम सिद्धि प्रसाद का शव उसके घर के पीछे तालाब किनारे झाड़ियों में अर्धनग्न हालत में मिला था। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पत्नी मंजू देवी ने घटना के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को सिद्धि की पत्नी और उसके प्रेमी आकाश वर्मा की गतिविधियों पर शक हुआ। पारा के नरपतखेड़ा निवासी आकाश को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने जो खुलासा किया, उससे पुलिस भी चौंक गई। आकाश ने कबूला कि उसका मंजू देवी के साथ अवैध संबंध था, जो मजाक-मजाक में शुरू हुआ था।

इन संबंधों की भनक जब सिद्धि प्रसाद को लगी तो वह विरोध करने लगा। इसके बाद मंजू और आकाश ने मिलकर सिद्धि को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इस साजिश में उनका साथ दिया संजय कश्यप ने, जो गोंडा के करनैलगंज स्थित सुदीया सकरौरा का रहने वाला है और फिलहाल सरोजनीनगर में किराए के मकान में रहकर नादरगंज की एक कंपनी में काम करता था।

पुलिस अब पूरे मामले की चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया में जुटी है। अवैध संबंधों से उपजा यह मामला अब इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!