लखनऊ में वंदे भारत पर पथराव, यात्रियों में मचा हड़कंप; CCTV से पत्थरबाजों की हो रही पहचान
रविवार को लखनऊ से आनंद विहार जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर आलमबाग वेस्ट केबिन के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। इससे सी-11 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया और यात्रियों में दहशत फैल गई। यात्रियों की शिकायत पर आरपीएफ ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यार्ड के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
ट्रेन चारबाग स्टेशन से शाम 5:15 बजे 8 मिनट की देरी से रवाना हुई थी। पथराव की घटना सीट नंबर 30, 31 और 32 के सामने हुई, जिससे खिड़की को नुकसान पहुंचा।
लोको वर्कशॉप की दीवार गिरने से मजदूर की मौत
शनिवार शाम आलमबाग स्थित लोको वर्कशॉप की एक दीवार अचानक गिर गई, जिससे उस पर चढ़कर काम कर रहा मजदूर घायल हो गया। उसे तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी दिल मोहम्मद के रूप में हुई है।
शताब्दी एक्सप्रेस देरी से रवाना, सफाई कर्मचारियों की लापरवाही आई सामने
नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस रविवार को सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के कारण समय से रवाना नहीं हो सकी। कोच के दरवाजे समय पर न खुलने से यात्री बारिश में प्लैटफॉर्म पर खड़े इंतजार करते रहे। शिकायत के बाद दरवाजे खोले गए और ट्रेन 10 मिनट की देरी से दोपहर 3:40 बजे रवाना हो सकी।
Share this content:
