लखनऊ के बोहो बार में हंगामा: युवती को नहीं मिली एंट्री, गेस्ट और स्टाफ से की मारपीट, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में शनिवार देर रात एक युवती के हंगामे से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बार में एंट्री न मिलने से नाराज होकर युवती ने पहले बाउंसर से बहस की और फिर बार अकाउंटेंट के साथ-साथ डिनर कर रही एक महिला गेस्ट व उसके पति को भी चप्पलों से पीट दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। अब इस पूरे विवाद की जांच शुरू हो चुकी है।
विजय कुमार नामक अकाउंटेंट के मुताबिक, रात करीब एक बजे बार पूरी तरह फुल था। इस दौरान गोरखपुर की रहने वाली एक युवती अपने दोस्त के साथ बार में घुसने की कोशिश कर रही थी। जगह न होने की वजह से जब बाउंसर अमरीश यादव ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो युवती भड़क गई और बवाल करने लगी। आरोप है कि उसने बार स्टाफ के साथ-साथ वहां मौजूद एक महिला और उसके पति पर चप्पल से हमला कर दिया।
पुलिस को सूचना मिलते ही युवती और उसके साथी को थाने ले जाया गया। अकाउंटेंट विजय कुमार की ओर से युवती व उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हालांकि, युवती की ओर से भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। युवती का कहना है कि वह अपनी भाभी और भतीजी को लेने बार पहुंची थी। इस दौरान बाउंसर ने उसके दोस्त के साथ बदतमीजी की। उसके मुताबिक, जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो न सिर्फ उसके साथ अभद्रता की गई, बल्कि एक पुलिसकर्मी ने उसे बाल पकड़कर घसीटा, जिससे उसकी शर्ट फट गई और नाखून टूटने से अंगुली घायल हो गई। युवती ने पुलिसकर्मियों पर अश्लीलता का भी आरोप लगाया है और इसकी शिकायत डीसीपी शशांक सिंह से की है।
मामले की जांच कर रहे एसीपी विनय द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Share this content:
