April 17, 2026

3 नेवल यूनिट लखनऊ की ओर से आयोजित एनसीसी शिविर में ग्रुप कमांडर का निरीक्षण, कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

लखनऊ। 3 नेवल यूनिट एनसीसी, लखनऊ की ओर से 1 जून से 10 जून 2025 तक एलनहाउस पब्लिक स्कूल, लखनऊ में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। इस 10 दिवसीय शिविर में कुल 421 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य कैडेट्स को प्री-नौसेनिक एवं ऑल इंडिया नौसैनिक कैंप की तैयारी हेतु प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस शिविर में मुख्य गतिविधियों में तैराकी, बोट पुलिंग, सीमैनशिप, फायरिंग, शिप मॉडलिंग तथा अन्य गतिविधियाँ शामिल हैं, जो कैडेट्स के समग्र विकास और सैन्य जीवन के लिए आवश्यक कौशलों के निर्माण में सहायक हैं।

 

डॉर्मिट्री और अन्य व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

 

शिविर में ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, विशिष्ट सेवा मेडल, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ ने शिविर का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात कैम्प कमांडेंट कमांडर गौरव शुक्ला द्वारा उन्हें शिविर की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर पुनीत ने एलनहाउस पब्लिक स्कूल द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, कैडेट्स के डॉर्मिट्री एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

 

उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए एनसीसी प्रशिक्षण से होने वाले लाभो पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनसीसी से प्राप्त अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता उन्हें सैन्य अकादमियों में अन्य प्रशिक्षुओं की तुलना में अग्रणी बनाते हैं।

 

आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का दिया संदेश

 

ग्रुप कमांडर ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक मूल्यों को विकसित करती है। उन्होंने कैडेट्स को जीवन की आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले सभी कैडेट्स की सराहना की और उनकी लगन, अनुशासन एवं जोश की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं एनसीसी गीत के साथ किया गया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!