लखनऊ विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसर को शासन की उच्चस्तरीय समिति में मिली जगह: 8 सदस्यीय समिति करेगी राष्ट्रीय निर्देशों के क्रियान्वयन की निगरानी
लखनऊ। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नीति निर्माण और प्रशासनिक क्रियान्वयन में लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षकों की विशेषज्ञता और अनुभव पर उत्तर प्रदेश शासन ने एक बार फिर भरोसा जताया है। शासन की ओर से गठित एक महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय समिति में लखनऊ विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इनमें समाज कार्य विभाग के प्रो. अनूप कुमार भारतीय और जंतु विज्ञान विभाग की वरिष्ठ आचार्या एवं निदेशक रैंकिंग प्रो. गीतांजली मिश्रा शामिल हैं। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग-3 की ओर से 19 नवंबर, 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के माध्यम से इस आठ सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति को मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
28 बिंदुओं पर तैयार होगी एक्शन टेकन रिपोर्ट
उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के सक्रिय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए निर्धारित 28 बिंदुओं पर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) तैयार की जानी है। इसी उद्देश्य से निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों से निर्धारित 28 बिंदुओं के संबंध में आवश्यक सूचनाएं एकत्र करेगी। इसके बाद प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण और समेकन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। समिति यह रिपोर्ट निदेशक, उच्च शिक्षा के माध्यम से उत्तर प्रदेश शासन को उपलब्ध कराएगी। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित दिशा-निर्देशों को प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रभावी ढंग से लागू करना और उनकी प्रगति का आकलन करना है।
लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक और प्रशासनिक साख को मिली मजबूती
प्रदेश सरकार की इस महत्वपूर्ण समिति में लखनऊ विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ शिक्षकों को स्थान मिलना विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। प्रो. अनूप कुमार भारतीय और प्रो. गीतांजली मिश्रा अपने-अपने क्षेत्रों में अकादमिक, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। ऐसे में उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश के विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय सम्मेलन के निर्देशों के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में मिलेगा। दोनों शिक्षकों का समिति में नामांकन न केवल उनकी व्यक्तिगत शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि इससे लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक प्रतिष्ठा और प्रशासनिक क्षमता को भी नई पहचान मिली है।
आठ सदस्यीय समिति में इन विशेषज्ञों को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश शासन की ओर से गठित इस आठ सदस्यीय समिति की अध्यक्षता निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज करेंगे। समिति में संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज के प्रो. बी.एल. शर्मा, मिहिर भोज पीजी कॉलेज, दादरी, गौतमबुद्धनगर के प्राचार्य प्रो. किशोर कुमार तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के जंतु विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. अंशू चौधरी को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के प्रो. अनूप कुमार भारतीय और जंतु विज्ञान विभाग की प्रो. गीतांजली मिश्रा को भी सदस्य के रूप में नामित किया गया है। समिति में कु. मायावती राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बादलपुर, गौतमबुद्धनगर की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजीव सिंह तथा उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद, लखनऊ के अपर सचिव को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
विश्वविद्यालय परिवार ने दी बधाई
लखनऊ विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों को शासन की महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय समिति में शामिल किए जाने पर विश्वविद्यालय परिवार में प्रसन्नता का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. अनूप कुमार भारतीय और प्रो. गीतांजली मिश्रा को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही विश्वास जताया है कि दोनों शिक्षकों के अनुभव, विशेषज्ञता और सक्रिय सहभागिता से प्रदेश में उच्च शिक्षा से जुड़े राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।
Share this content:
