27 नवंबर को सोनी लिव पर होगा फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रीमियर, आस्था, भक्ति और निस्वार्थ प्रेम पर आधारित है फिल्म

लखनऊ। आस्था, भक्ति और निस्वार्थ प्रेम की शक्ति को दर्शाती फिल्म ‘हनुमान अंश’ 27 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म नीब करौरी बाबा, जिन्हें उनके भक्त स्नेहपूर्वक महाराज जी के नाम से जानते हैं, के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित है। महाराज जी के प्रति देश-विदेश में करोड़ों लोगों की आस्था और उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं को फिल्म के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। कैंची धाम से लेकर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले भक्तों के बीच महाराज जी की लोकप्रियता और उनके आशीर्वाद की मान्यता आज भी कायम है। फिल्म में उनकी सादगी, करुणा, निस्वार्थ सेवा और हनुमान जी के प्रति अटूट भक्ति को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। ‘हनुमान अंश’ दर्शकों को आध्यात्मिक शांति, आत्मचिंतन और समर्पण की भावना से जोड़ने का प्रयास करेगी।

अचानक बदली परिस्थितियों ने असिस्टेंट डायरेक्टर को बना दिया महाराज जी

फिल्म ‘हनुमान अंश’ से जुड़े अभिनेता शोभिनव सत्य के लिए महाराज जी का किरदार निभाने का अवसर किसी अप्रत्याशित अनुभव से कम नहीं रहा। दरअसल, शोभिनव ने फिल्म की शुरुआत असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर की थी और कैमरे के पीछे रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। इसी दौरान महाराज जी की भूमिका के लिए चुने गए अभिनेता की तबीयत खराब हो गई। परिस्थितियां ऐसी बनीं कि शोभिनव सत्य को असिस्टेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी से आगे बढ़कर फिल्म के सबसे महत्वपूर्ण किरदार को निभाने का अवसर मिला। उनके लिए यह बदलाव केवल अभिनय की चुनौती नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और भावनात्मक रूप से भी बेहद खास अनुभव बन गया।

महाराज जी का किरदार निभाना मेरे लिए उनकी कृपा जैसा: शोभिनव सत्

अपने इस अनुभव को साझा करते हुए शोभिनव सत्य ने कहा कि जब उन्होंने फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम शुरू किया था, तब उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें महाराज जी का किरदार निभाने का अवसर मिलेगा। उनके मुताबिक, यह उनके अपने चुनाव से ज्यादा महाराज जी की कृपा जैसा अनुभव था। शोभिनव ने बताया, “सच कहूं तो जब मैंने हनुमान अंश में एक असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम शुरू किया था, तब मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मैं महाराज जी का किरदार निभाऊंगा। यह मुझे मेरे अपने चुनाव से ज्यादा उनकी कृपा जैसा लगा। मैं कैमरे के पीछे टीम के साथ काम कर रहा था और अचानक मुझे इस बेहद महत्वपूर्ण किरदार को निभाना था और उसे भीतर से समझना था। जैसे-जैसे मैंने महाराज जी के बारे में जाना, उनकी सादगी, उनकी दयालुता और जिस तरह उन्होंने लोगों के जीवन को छुआ, मुझे उतना ही एहसास हुआ कि इस भूमिका को पूरी ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निभाया जाना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य केवल पर्दे पर एक किरदार निभाना नहीं था, बल्कि महाराज जी के व्यक्तित्व और उनके प्रति लाखों लोगों की आस्था के साथ न्याय करना था। शोभिनव के अनुसार, वह चाहते थे कि दर्शक फिल्म देखते समय महाराज जी के प्रेम, शांति और करुणा को महसूस कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब परिवार के लोग एक साथ बैठकर सोनी लिव पर ‘हनुमान अंश’ देखेंगे, तो उन्हें भी वही शांति और प्रेम महसूस होगा, जिसे उन्होंने इस भूमिका को निभाते हुए अनुभव किया। अभिनेता ने इस अनुभव को अपने जीवन और करियर के सबसे खास पलों में से एक बताया।

परिवार के साथ बैठकर देख सकेंगे फिल्म, आस्था और आध्यात्मिकता का मिलेगा संदेश

सोनी लिव पर डिजिटल प्रीमियर के जरिए ‘हनुमान अंश’ देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म को इस तरह प्रस्तुत किया गया है कि परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर इसे देख सकें। इसमें आस्था और भक्ति के साथ जीवन के कठिन समय में विश्वास बनाए रखने, दूसरों के प्रति करुणा रखने और निस्वार्थ भाव से सेवा करने का संदेश दिया गया है। फिल्म की कहानी उन लोगों के लिए भी खास हो सकती है, जो आध्यात्मिक प्रेरणा और जीवन में सकारात्मकता की तलाश करते हैं। महाराज जी के जीवन और उनके विचारों के माध्यम से फिल्म दर्शकों को प्रेम, विश्वास और समर्पण के महत्व से परिचित कराएगी।

डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने किया लेखन और निर्देशन, कई कलाकार निभाएंगे अहम भूमिका

‘हनुमान अंश’ का लेखन और निर्देशन डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म का निर्माण रागिनी सोना, नम्रता जी. सिंह और अनुप्रिया नागर ने किया है। फिल्म में शोभिनव सत्य महाराज जी की मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। उनके साथ चंदन आनंद, विहान शेडगे, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के जरिए निर्माताओं ने महाराज जी के जीवन, उनकी सादगी, आध्यात्मिक विचारों और हनुमान जी के प्रति उनकी अटूट भक्ति को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed