April 17, 2026

लखनऊ: युवती ने पहचान छिपाकर शादी, धोखाधड़ी और जबरन धर्म परिवर्तन का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने एक मुस्लिम युवक पर अपनी पहचान छिपाकर शादी करने, धोखाधड़ी, जबरन धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने अपनी आपबीती एक वीडियो के जरिए सार्वजनिक की है और सआदतगंज थाने में लिखित तहरीर देकर पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने खुद को “रितेश मौर्य” बताकर उससे संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे विश्वास में लिया। इसी भरोसे के आधार पर दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। युवती का कहना है कि वह जन्म से ब्राह्मण समाज से है और बाद में उसे गुप्ता बिरादरी में गोद दिया गया था। आरोपी युवक का व्यवहार पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों वाला था, जिससे उसे किसी तरह का शक नहीं हुआ।

युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि रितेश मौर्य का असली नाम मोहम्मद आशिफ है और उसने जानबूझकर अपनी पहचान छिपाई थी। आरोप है कि आरोपी माथे पर टीका लगाता था, घर में पूजा-पाठ करता था और मंदिरों में भी जाता था, ताकि उसकी असल पहचान सामने न आए। बाद में उसने युवती पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू किया, कलमा पढ़वाने की कोशिश की और धर्म भ्रष्ट करने के उद्देश्य से मांस खाने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया।

पीड़िता का दावा है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया तथा धमकियां भी दीं। बाद में आरोपी युवक कथित तौर पर एक अन्य मुस्लिम महिला के साथ फरार हो गया। इसके बाद युवती ने वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा साझा की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में उसने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले पर सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्या ने बताया कि पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पहचान छिपाने, विवाह की परिस्थितियों, कथित जबरन धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!