लखनऊ: इंदिरा नगर में मजाक बना जानलेवा, पति की बात से आहत पत्नी ने की आत्महत्या
लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित तकरोही इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति ने मजाक में पत्नी को “बंदरिया” कह दिया, जिससे आहत होकर 23 वर्षीय पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका तन्नू सिंह ने राहुल सिंह से लव मैरिज की थी। तन्नू को मॉडलिंग का शौक था और वह अपने लुक को लेकर काफी संवेदनशील रहती थी। बुधवार शाम परिवार के सभी सदस्य सीतापुर से एक रिश्तेदार के घर से लौटे थे। घर का माहौल खुशनुमा था और हंसी-मजाक चल रहा था, इसी दौरान पति ने पत्नी को मजाक में “बंदरिया” कह दिया। यह बात तन्नू को इतनी बुरी लगी कि वह चुपचाप अपने कमरे में चली गई।
परिजनों को लगा कि कुछ देर में उसका गुस्सा शांत हो जाएगा, लेकिन करीब एक घंटे बाद जब खाने के लिए आवाज दी गई तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पति ने कमरे का दरवाजा खोला तो तन्नू का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और आगे की कार्रवाई परिस्थितियों के आधार पर की जाएगी।
Share this content:
