लखनऊ में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान यूपी के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने स्पष्ट निर्देश जारी किए कि यदि शिक्षक किसी व्यावहारिक कारण से 15–20 मिनट लेट होते हैं, तो उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न की जाए। मंत्री ने कहा कि शिक्षकों का मनोबल गिराए बिना व्यवस्था सुधारना ही विभाग का लक्ष्य है।
शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनेगा
संदीप सिंह ने बैठक में कहा कि छोटे-मोटे व्यावहारिक कारणों को लेकर शिक्षकों पर कारण-बताओ नोटिस जारी करना अनुचित है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल अवांछनीय या गैर-जरूरी कारणों पर ही कार्रवाई की जाए, अन्यथा नहीं।
मंत्री ने यह भी जोर दिया कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उन पर अनुचित दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बीएसए को निर्देश दिया कि वे नियमित फील्ड भ्रमण करें, शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाएं और स्कूलों में कंपोजिट ग्रांट समय पर भेजना सुनिश्चित करें।
वेतन, एरियर और वित्तीय मामलों पर सख्त निर्देश
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर कर्मचारी का वेतन और एरियर समय पर मिले—इसमें किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि एडेड स्कूलों में भी वेतन भुगतान पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ होना चाहिए।
वित्तीय प्रक्रियाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने आजमगढ़ जिले में योजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों पर विशेष ध्यान
संदीप सिंह ने केजीबीवी विद्यालयों की स्थिति को विशेष रूप से सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी छात्राओं से अलग से संवाद करें, ताकि वास्तविक समस्याओं की पहचान हो सके।
खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने और छात्रों की यूनिफॉर्म के लिए भेजी जाने वाली ₹1200 डीबीटी राशि को 100% अभिभावकों के खातों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आधार वेरिफिकेशन को भी अनिवार्य बताया।
एक महीने में समीक्षा, देरी पर तय होगी जिम्मेदारी
मंत्री ने अंत में कहा कि सभी योजनाओं की कड़ी मॉनिटरिंग की जाए और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि एक महीने बाद निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा होगी और जहां भी लापरवाही या देरी मिलेगी, वहां जिम्मेदारी तय करके कार्रवाई की जाएगी।
Share this content:
