लखनऊ: ऑटो और ई-रिक्शा में बैठी ‘लेडीज गैंग’ की निंजा टेक्नीक से उड़ा रही हैं जेवरात, 6 महिलाएं गिरफ्तार
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में महिलाओं का एक शातिर गिरोह सक्रिय हो गया है, जो ऑटो और ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बना रहा है। ये महिला टप्पेबाज निंजा जैसी फुर्ती से यात्रियों के गले से मंगलसूत्र और चेन गायब कर देती हैं। बीते कुछ दिनों में तीन महिलाओं को इस गैंग ने एक जैसी तरकीब से लूटा। पुलिस ने इस गिरोह की छह महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
विरामखंड निवासी निशा वर्मा ने बताया कि 29 अक्टूबर की दोपहर वह चिनहट तिराहे से हुसड़िया चौराहे की ओर ई-रिक्शा में सफर कर रही थीं। ई-रिक्शा में पहले से तीन महिलाएं बैठी थीं। रास्ते में हनीमैन चौराहे के पास एक युवती ने उल्टी करने का बहाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन उतार ली। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक ने किराया भी नहीं लिया और बाकी महिलाओं को लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस को शक है कि यह गिरोह ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के साथ मिलकर काम करता है। सभी घटनाओं में एक जैसी चालबाजी देखी गई है—महिलाएं पहले सवारी का भरोसा जीतती हैं और फिर एक झटके में जेवर उड़ा लेती हैं। पुलिस अब गिरोह की बाकी सदस्यों और शामिल चालकों की पहचान में जुटी है। फिलहाल, पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि सफर के दौरान अपने गहनों का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध हरकत पर तुरंत सूचना दें।
Share this content:
