लखनऊ: यूनियन बैंक के एटीएम से 8 बैटरियां चोरी, कुंडी काटकर चोर ने की वारदात
लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के एटीएम से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एटीएम रूम से एक साथ आठ बैटरियां चुरा लीं। यह घटना 5 अक्टूबर की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने गाजीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। चोरी की पूरी वारदात एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
शाखा प्रबंधक शरद वर्मा के मुताबिक, घटना सुबह 10:15 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच की है। चोर एटीएम रूम की कुंडी काटकर अंदर घुसा और बैटरियां निकालकर बैग में भर लीं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। बैंक प्रशासन ने पुलिस से फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गाजीपुर पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। बैंक में घटना के बाद हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही चोर की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
Share this content:
