May 3, 2026

लखनऊ: फर्जी प्लॉट बेचने वाला मास्टरमाइंड प्रमोद उपाध्याय गिरफ्तार, 30 मुकदमों में था वांछित

उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। बलिया निवासी और जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले प्रमोद कुमार उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह लंबे समय से फरार था और लखनऊ के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी की गंभीर धाराओं में लगभग 30 मुकदमे दर्ज हैं।

प्रमोद ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर इन्फा विजन प्रा. लि. नाम की कंपनी बनाई थी, जो लुभावने ऑफर देकर फर्जी तरीके से प्लॉट बेचती थी। जिन जमीनों की रजिस्ट्री कराई जाती थी, वे या तो अस्तित्व में ही नहीं थीं या विवादित होती थीं। भोले-भाले ग्राहकों को भरोसे में लेकर वे पैसे वसूलते और फिर न तो कब्जा मिलता और न ही पैसा वापस।

एसटीएफ को इनपुट मिला था कि प्रमोद कान्हा उपवन स्थित अपने बंद कार्यालय में दस्तावेज लेने आएगा। इसी सूचना पर 15 जून को मोहनलालगंज क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने यह भी कबूला कि फर्जी प्लॉटों की रकम को खलीलाबाद, प्रतापगढ़ और रक्सौल जैसे शहरों में कॉम्प्लेक्स आदि में निवेश किया गया है।

फिलहाल आरोपी को मोहनलालगंज थाने में दाखिल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों और अवैध संपत्तियों की जांच भी जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!