April 24, 2026

“शांति की अपील या वफादारी पर सवाल?” – सोनी राजदान के पोस्ट ने खड़ा किया नया विवाद, आलिया भट्ट भी ट्रोल्स के निशाने पर

भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच एक ऐसा सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया जिसने ना सिर्फ बहस को जन्म दिया, बल्कि देशभक्ति और नागरिकता जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी उंगली उठवा दी। यह पोस्ट किसी और ने नहीं बल्कि आलिया भट्ट की मां और वरिष्ठ एक्ट्रेस सोनी राजदान ने किया, जिन्होंने ‘शांति याचिका’ को बढ़ावा देते हुए एक अपील साझा की थी।

लेकिन सोनी राजदान की ये शांति की अपील विवादों के दलदल में फंस गई। यूजर्स ने पोस्ट को ‘गैर-जिम्मेदाराना’ करार देते हुए न सिर्फ उनकी वफादारी पर सवाल उठाए, बल्कि ब्रिटिश नागरिकता रखने वाली आलिया भट्ट को भी ट्रोल करना शुरू कर दिया।

क्या था वो विवादित पोस्ट?

सोनी राजदान ने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लिंक शेयर करते हुए लिखा, “सबसे ऊपर – शांति याचिका पर हस्ताक्षर करें। बायो में लिंक।” इस पोस्ट में उन्होंने किसी एक पक्ष का नाम लिए बिना संघर्ष विराम की अपील की थी। लेकिन ऐसे वक्त में जब सीमा पर हमारे जवान शहादत दे रहे हैं, लोगों को उनका यह रवैया नागवार गुज़रा।

सोशल मीडिया पर मचा बवाल

यूजर्स ने यह तर्क दिया कि शांति की अपील ‘संदर्भहीन’ और ‘ग़ैर-ज़रूरी’ है, खासकर जब एक तरफ पाकिस्तान की ओर से लगातार आवासीय इलाकों में हमले किए जा रहे हैं और भारतीय सेना सावधानीपूर्वक जवाबी कार्रवाई में लगी है। एक यूजर ने यहां तक लिख दिया,
“बिना संदर्भ के शांति की बात करना, जबकि हमारे सैनिक शहीद हो रहे हैं, जमीन से कटे हुए दृष्टिकोण को दर्शाता है।”

इस टिप्पणी में यह भी उठाया गया कि आलिया भट्ट एक विदेशी नागरिक होते हुए भी भारत में सभी विशेषाधिकारों का लाभ उठा रही हैं – यह ‘ईमानदारी और जवाबदेही’ पर सवाल उठाता है।

सोनी राजदान का जवाब – “मेरी अपील पाकिस्तान से थी”

विवाद बढ़ता देख सोनी राजदान ने खुद सामने आकर सफाई दी। उन्होंने कहा,
“शांति के लिए मेरी अपील भारत से नहीं बल्कि पाकिस्तान से थी। आखिरकार वे हमलावर हैं। हम बस जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं और यह सही भी है। मुझे लगता है कि लोगों ने जल्दबाजी में निष्कर्ष निकाल लिया है। यह एक जर्नलाइज्ड बयान था।”

उन्होंने आगे कहा,
“मैं भी बाकी सभी लोगों की तरह ही हताश हूं। युद्ध एक भयानक चीज है। कोई भी व्यक्ति जो युद्ध से गुजरा है, वह किसी और के लिए ऐसा नहीं चाहेगा।”

फिल्मों से तुलना और दोबारा सवाल

एक और यूजर ने कमेंट किया –
“विश्वास नहीं होता कि आप राज़ी जैसी फिल्म का हिस्सा थीं। कृपया अपनी फिल्म को फिर से देखें।”
इस पर सोनी राजदान ने पलटते हुए जवाब दिया –
“शांति दो देशों के बीच होनी चाहिए, जब तक कि आप यह न सोचें कि यह युद्ध पाकिस्तान अपने आप से लड़ रहा है?”

आलिया भट्ट पर भी गिरा असर

इस पूरे विवाद में आलिया भट्ट का नाम बार-बार सामने आ रहा है, खासतौर पर उनकी ब्रिटिश नागरिकता को लेकर। ट्रोल्स का कहना है कि ऐसे समय में जब उनकी मां विवादित बयान देती हैं, देश से जुड़े उनके जुड़ाव और ज़िम्मेदारी पर भी सवाल उठते हैं।

इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि सोशल मीडिया पर किसी भी संवेदनशील मुद्दे पर की गई टिप्पणी किस तरह तेज़ी से राजनीतिक, राष्ट्रीय और व्यक्तिगत बहस का रूप ले सकती है। शांति की अपील करने वाली पोस्ट कब देशभक्ति की परीक्षा बन जाए, ये आज के डिजिटल युग में तय करना मुश्किल होता जा रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!