May 1, 2026

कुशीनगर में लव ट्रायंगल बना नाबालिग की मौत की वजह, सैफ और इम्तियाज ने मिलकर की हत्या

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लव ट्रायंगल के चलते दो युवकों ने मिलकर 16 वर्षीय लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव नहर में फेंक दिया। 11 जुलाई को घर से लापता हुई लड़की का शव दो दिन बाद देवरिया जिले की एक नहर के किनारे मिला।

घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिपरा कनक गांव की है, जहां रहने वाली किशोरी के दो युवकों – सैफ अली और इम्तियाज अहमद उर्फ टिंकू – से प्रेम संबंध थे। पुलिस की जांच में पता चला कि लड़की दोनों से संपर्क में थी और इसी बात को लेकर दोनों युवकों के बीच झगड़ा भी हुआ था।

हत्या से एक दिन पहले सैफ अली ने लड़की को थप्पड़ मार दिया था, जिससे नाराज होकर इम्तियाज लड़की के घर पहुंचा और उसके परिजनों को दोनों के रिश्तों की जानकारी दे दी। परिजनों की डांट के बाद लड़की गुस्से में घर से निकल गई और रात में नहर के पास पहुंची। वहीं उसने सैफ और इम्तियाज को बुला लिया था।

नहर किनारे तीनों के बीच फिर बहस हुई और जब दोनों युवकों को यह अहसास हुआ कि लड़की उनके साथ एक साथ संबंध रख रही थी, तो उन्होंने गुस्से में आकर मिलकर उसका गला घोंट दिया। शव को हाटा रजवाहा नहर में फेंका गया जो बहते हुए देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में मिला।

पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की और 72 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एएसपी निवेश कटियार ने पुष्टि की है कि सैफ और इम्तियाज को पकड़ लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि क्षेत्र में शांति बनी रहे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!