कोटा में सनसनीखेज वारदात: महिला वकील को सरेराह मारी गोली, युवक ने खुद को भी किया शूट, एक की मौत, वकील की हालत गंभीर
राजस्थान के कोटा शहर से शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अनंतपुरा इलाके के करण गुर्जर नामक युवक ने दादाबाड़ी क्षेत्र में रहने वाली महिला वकील पूर्वा शर्मा को सरेराह गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना मुकुंदरा वन विभाग कार्यालय के पास की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग सकते में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक और युवती दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। पुलिस ने बिना देर किए दोनों को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने करण गुर्जर को मृत घोषित कर दिया, जबकि पूर्वा शर्मा की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उनके सिर में गोली लगी है, जो अभी फंसी हुई है और उनकी सर्जरी की तैयारी की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पूर्वा और करण के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर करण ने पहले पूर्वा को गोली मारी और फिर खुद को भी नजदीक से शूट कर लिया। करण को लगा कि पूर्वा की मौत हो चुकी है, इसीलिए उसने आत्महत्या कर ली।
इस सनसनीखेज मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल पूर्वा ने गोली लगने के बावजूद होश में रहते हुए करण की मां को फोन कर इस पूरी घटना की जानकारी दी। करण की मां जब मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया और करण व पूर्वा को अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके से पुलिस ने एक स्कूटी और फायर आर्म्स बरामद किया है। बताया जा रहा है कि करण ने दो गोलियां चलाईं—एक पूर्वा के सिर में और दूसरी खुद को बेहद करीब से मारी। करण की मौत मौके पर ही हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता घायल महिला वकील का इलाज करवाना था, इसलिए पहले अस्पताल ले जाया गया।
अब पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है कि आखिर करण ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। क्या दोनों के बीच कोई पुराना विवाद था, क्या दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे या यह घटना अचानक गुस्से में उठाया गया कदम था—इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
करण का शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा गया है और पुलिस पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। कोटा की यह घटना शहर में दहशत का माहौल बना चुकी है, वहीं स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं।
Share this content:
