राजस्थान रॉयल्स के फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। फ्रेंचाइजी के मालिक मनोज बडाले ने खुलासा किया है कि पूर्व कप्तान संजू सैमसन ने आईपीएल 2025 के दौरान ही टीम छोड़ने का मन बना लिया था। खराब फॉर्म, चोटों और टीम के कमजोर प्रदर्शन ने उन्हें भावनात्मक रूप से काफी थका दिया था। यही कारण है कि बड़े ट्रेड के तहत सैमसन अब सैम करन और रवींद्र जडेजा के बदले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में शामिल हो गए हैं।
बडाले के अनुसार, 2025 का सीजन संजू के लिए बेहद मुश्किल रहा। कई चोटों के कारण वह लगातार मैच नहीं खेल पाए और पूरे टूर्नामेंट में केवल एक अर्धशतक ही लगा सके। टीम भी पॉइंट्स टेबल में आठ अंकों के साथ दूसरे आखिरी स्थान पर रही, जो फ्रेंचाइजी के 18 साल के इतिहास में सबसे खराब प्रदर्शन था। इस निराशाजनक स्थिति ने सैमसन को मानसिक रूप से झकझोर दिया, जिसके बाद कोलकाता में KKR के खिलाफ मिली करीबी हार के तुरंत बाद उन्होंने टीम प्रबंधन को अपनी इच्छा बताई कि वह अब एक नई शुरुआत चाहते हैं।
मनोज बडाले ने बताया कि संजू हमेशा से बेहद ईमानदार और समर्पित खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 14 साल तक टीम का हिस्सा रहते हुए 11 सीजन खेले और फ्रेंचाइजी को 2022 में 14 साल बाद आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया। बडाले ने कहा कि 2021 में उन्हें कप्तान बनाना एक जोखिम था, लेकिन सैमसन ने इस जिम्मेदारी को शानदार तरीके से निभाया और फ्रेंचाइजी के लिए सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं, बल्कि टीम की आत्मा बनकर उभरे।
अब 31 साल के संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे, जहां पहले से ही उनकी फैन फॉलोइंग काफी मजबूत है। माना जा रहा है कि CSK में शामिल होने के बाद वह टीम के मध्य क्रम को नई मजबूती देंगे और एक नए अध्याय के साथ अपनी आईपीएल यात्रा को फिर से जीवंत करेंगे।
Share this content:
