किडनी में क्यों होता है इंफेक्शन? जानें लक्षण और बचाव के उपाय

किडनी हमारे शरीर का ऐसा अंग है जो खून को फिल्टर कर विषैले तत्वों को बाहर निकालता है और शरीर में पानी तथा इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखता है। लेकिन जब किडनी में संक्रमण यानी इंफेक्शन हो जाता है, तो इसका असर पूरे शरीर पर पड़ता है। मेडिकल भाषा में इसे पायलोनिफ्राइटिस कहा जाता है। यह इंफेक्शन आमतौर पर मूत्र नली (यूटीआई) से शुरू होकर किडनी तक पहुंचता है और समय पर इलाज न मिले तो यह स्थायी क्षति या खून में संक्रमण (सेप्सिस) का कारण बन सकता है।

इस इंफेक्शन का मुख्य कारण यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का बढ़ जाना होता है। जब बैक्टीरिया मूत्र मार्ग से ऊपर की ओर बढ़कर किडनी तक पहुंच जाते हैं, तो वहां सूजन और संक्रमण पैदा हो सकता है। यह समस्या महिलाओं में अधिक देखने को मिलती है, क्योंकि महिलाओं की यूरिनरी नली छोटी होती है और बैक्टीरिया आसानी से किडनी तक पहुंच सकते हैं। पेशाब को बार-बार रोकना, कम पानी पीना, गुर्दे की पथरी, डायबिटीज, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता, बार-बार यूटीआई होना या कैथेटर का इस्तेमाल करने वाले लोगों को यह खतरा ज्यादा होता है।

किडनी इंफेक्शन के लक्षण धीरे-धीरे भी आ सकते हैं और कुछ मामलों में अचानक तेज हो सकते हैं। इसमें तेज बुखार आना, ठंड लगना, कमर या पीठ के निचले हिस्से में दर्द, पेशाब के दौरान जलन, बार-बार या बहुत कम पेशाब आना जैसे लक्षण आम हैं। कई बार पेशाब में बदबू, झाग या खून आ सकता है। शरीर में थकावट, मतली और उल्टी जैसे लक्षण भी दिखाई देते हैं। अगर संक्रमण गंभीर हो जाए तो चक्कर आना, भ्रम की स्थिति और ब्लड प्रेशर का गिरना जैसे खतरनाक संकेत भी दिख सकते हैं।

अगर ये लक्षण दो या तीन दिन से ज्यादा समय तक बने रहें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। देर करने पर यह संक्रमण किडनी फेलियर या सेप्सिस जैसी जानलेवा स्थिति बना सकता है।

बचाव के लिए जरूरी है कि व्यक्ति रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पिए, पेशाब को देर तक न रोके और टॉयलेट के बाद साफ-सफाई का ध्यान रखे। महिलाएं विशेष रूप से सफाई की दिशा (अगले हिस्से से पीछे की ओर) का ध्यान रखें। यूटीआई के लक्षण दिखें तो तुरंत इलाज कराएं। डायबिटीज या किडनी की पुरानी बीमारी से पीड़ित लोगों को नियमित रूप से जांच करवाते रहना चाहिए और बिना डॉक्टर की सलाह के कभी भी एंटीबायोटिक नहीं लेनी चाहिए। समय रहते सावधानी बरतना ही किडनी को संक्रमण से बचाने का सबसे बेहतर तरीका है।

Share this content:

About The Author

You may have missed