April 19, 2026

केरल में सीएम की फोटो के साथ वायरल हो रहा क्यूआर कोड, संदेश में बेटी-दामाद का जिक्र

केरल में मलयालम नव वर्ष ‘विशु’ के दिन सोशल मीडिया पर एक क्यूआर कोड काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की तस्वीर लगी हुई है। यह क्यूआर कोड राज्य के कई व्हाट्सएप ग्रुप्स पर सुबह से ही घूम रहा है और दावा किया जा रहा है कि अब तक यह संदेश एक करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच चुका है।

इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक वेबपेज खुलता है, जिसमें सीएम विजयन की ओर से कथित तौर पर यह संदेश दिखता है—“मेरे पास विशु (मलयालम नव वर्ष) के लिए तुम्हें देने को कुछ नहीं है। मैंने सब कुछ अपनी बेटी और दामाद को दे दिया है।” इस संदेश ने पूरे केरल में राजनीतिक हलचल मचा दी है।

हालांकि, इस क्यूआर कोड को किसने बनाया और इसे सबसे पहले कहां से फैलाया गया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन माना जा रहा है कि यह किसी राजनीतिक विरोधी द्वारा मुख्यमंत्री को घेरने के लिए तैयार किया गया है। इसमें न केवल मुख्यमंत्री को बल्कि उनकी बेटी और दामाद को भी निशाने पर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा विजयन एक जांच के घेरे में हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने बिना कोई सेवा प्रदान किए अपनी कंपनी को CMRL नामक कंपनी से 2 करोड़ 70 लाख रुपये दिलवाए। इस मामले की जांच SFIO (सीरियस फ्रॉड इनवेस्टिगेशन ऑफिस) कर रही है। इसी पृष्ठभूमि में इस वायरल क्यूआर कोड को सीएम परिवार को लेकर चल रही विवादों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!