32 फिल्मों के बाद छोड़ दी एक्टिंग, अब बन चुकी हैं IAS अफसर – एचएस कीर्तना की प्रेरणादायक कहानी
बचपन की मासूम अदाओं से दर्शकों का दिल जीतने वाली एचएस कीर्तना का नाम एक समय कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में जाना-पहचाना था। केवल चार साल की उम्र में कैमरे के सामने कदम रखने वाली इस बाल कलाकार ने ‘कर्पूरदा गोम्बे’, ‘हब्बा’, ‘गंगा-यमुना’ जैसी 32 फिल्मों में काम किया और अभिनय के क्षेत्र में एक चमकता सितारा बन गईं। लेकिन जब करियर बुलंदी पर था, तभी उन्होंने ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कहकर एक नई राह चुनने का फैसला किया – भारतीय प्रशासनिक सेवा की।
कीर्तना ने अपने पिता के सपनों को अपनाते हुए अभिनय को पीछे छोड़ कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (KAS) की तैयारी शुरू की। साल 2011 में KAS परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने दो साल तक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में काम किया, जिससे उन्हें प्रशासन की जमीनी समझ मिली और यूपीएससी की राह का मार्ग प्रशस्त हुआ।
उनकी ये यात्रा आसान नहीं रही। साल 2013 से यूपीएससी की तैयारी शुरू की, लेकिन लगातार पांच प्रयासों में असफलता का सामना करना पड़ा। फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और छठे प्रयास में साल 2020 में ऑल इंडिया 167वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बन गईं।
IAS बनने के बाद उन्हें मांड्या जिले में सहायक आयुक्त की जिम्मेदारी मिली, जहां उनके कामों की काफी सराहना हुई। फिलहाल वे चिक्कमगलुरु जिले में जिला पंचायत कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
कीर्तना की यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि जुनून, धैर्य और आत्मविश्वास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है – चाहे वो कैमरे के सामने हो या प्रशासनिक कुर्सी पर।
Share this content:
